1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. पानी की वजह से फूल जा रहा बाथरूम का दरवाजा, तो अपनाकर देखें ये आसान तरीके

पानी की वजह से फूल जा रहा बाथरूम का दरवाजा, तो अपनाकर देखें ये आसान तरीके

अगर बारिश के मौसम में या पानी की वजह से आपके बाथरूम का दरवाजा फूल गया है तो कुछ आसान तरीके अपनाकर आप इसे आसानी से ठीक कर सकते हैं। यहां जान लें इसे ठीक रखने का आसान तरीका।

पानी की वजह से फूल जा रहा बाथरूम का दरवाजा, तो अपनाकर देखें ये आसान तरीके- India TV Hindi
Image Source : CANVA पानी की वजह से फूल जा रहा बाथरूम का दरवाजा, तो अपनाकर देखें ये आसान तरीके

नमी और पानी की वजह से लकड़ी के दरवाजे का फूल जाना एक आम समस्या है, खासकर मानसून में या सही वेंटिलेशन न होने पर ये समस्या बढ़ जाती है। दरवाजा फूलने से न केवल वह ठीक से बंद नहीं हो पाते बल्कि उसकी लकड़ी भी धीरे-धीरे खराब होने लगती है। अगर आपका बाथरूम का दरवाजा भी फूलकर अटक रहा है, तो इन आसान और असरदार तरीकों को अपनाकर आप इसे ठीक कर सकते हैं। यहां जान लें कौन से तरीके आ सकते हैं काम। 

1. हेयर ड्रायर या हीट गन का इस्तेमाल करें
अगर दरवाजा नमी के कारण हल्का फूला है, तो उसे ठीक करने का सबसे बेस्ट तरीका उसकी नमी सुखाना है। हेयर ड्रायर को मीडियम या हाई हीट पर सेट करें और फूले हुए हिस्से पर 10-15 मिनट तक लगातार घुमाएं। इससे लकड़ी के अंदर का पानी भाप बनकर उड़ जाएगा और दरवाजा अपनी पुरानी शेप में आने लगेगा।

2. मोम या वैसलीन लगाएं
दरवाजे के किनारे अक्सर आपस में रगड़ खाते हैं। फूले हुए हिस्सों पर सफेद मोमबत्ती का मोम या वैसलीन रगड़ें। इससे रगड़ कम होगी और दरवाजा बिना अटके आसानी से बंद होने लगेगा। इसके अलावा, मोम लकड़ी के ऊपर एक वॉटरप्रूफ परत बना देता है, जिससे पानी दोबारा अंदर नहीं जा पाता।

3. रेगमाल या रंदा से घिसाई करें
यदि दरवाजा काफी ज्यादा फूल गया है और सुखाने पर भी बंद नहीं हो रहा, तो उसे कब्जों से निकालें। फूले हुए हिस्से की निशानदेही करें और रेगमाल से घिसाई करें। ज्यादा फूला हो तो बढ़ई के रंदे की मदद से किनारे से थोड़ी सी लकड़ी छील दें। घिसाई के बाद उस हिस्से पर तुरंत पेंट या वार्निश लगाएं ताकि लकड़ी फिर से खुली न रहे।

4. वॉटरप्रूफ वार्निश या पेंट की कोटिंग करें
समस्या को दोबारा होने से रोकने के लिए दरवाजे के निचले हिस्से और किनारों पर ऑयल-बेस्ड पेंट या क्लियर वार्निश की दो कोटिंग जरूर करें। यही वे हिस्से होते हैं जहां से पानी सबसे ज्यादा लकड़ी के अंदर सोखा जाता है।

Latest Lifestyle News