1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. गलत तरीके से स्टोर करने पर सड़ जाते हैं मशरूम, जानें लंबे समय तक फ्रेश रखने का सही तरीका

गलत तरीके से स्टोर करने पर सड़ जाते हैं मशरूम, जानें लंबे समय तक फ्रेश रखने का सही तरीका

मशरूम की सब्जी खाने में तो लाजवाब लगती है लेकिन इसे लंबे समय तक स्टोर कर पाना मुश्किल होता है। लेकिन यहां बताए गए टिप्स को फॉलो कर आप मशरूम को हफ्तों तक फ्रेश रख सकते हैं।

गलत तरीके से स्टोर करने पर सड़ जाते हैं मशरूम, जानें लंबे समय तक फ्रेश रखने का सही तरीका- India TV Hindi
Image Source : MAGNIFIC गलत तरीके से स्टोर करने पर सड़ जाते हैं मशरूम, जानें लंबे समय तक फ्रेश रखने का सही तरीका

मशरूम स्वाद और पोषण से भरपूर सब्जी है। यही वजह है कि लोग इसे खाना बेहद पसंद करते हैं। लेकिन मशरूम की शेल्फ लाइफ बहुत कम होती है इस वजह से इसे लंबे समय तक स्टोर कर पाना मुश्किल होता है। जरा सी नमी या गलत स्टोरेज के कारण ये बहुत जल्दी चिपचिपे, काले होकर सड़ने लगते हैं। इसकी वजह से पूरा मूड खराब हो जाता है। अगर आप भी अक्सर बाजार से मशरूम लाने के बाद उनके खराब होने से परेशान हैं, तो यहां से जान लें इसे स्टोर करने का सही तरीका जिससे आप मशरूम को लंबे समय तक फ्रेश रख सकेंगे। 

1. प्लास्टिक पैकिंग तुरंत हटाएं
बाजार से मशरूम लाते ही उन्हें प्लास्टिक रैप या एयरटाइट पॉलिथीन में न छोड़ें। प्लास्टिक के अंदर नमी जमा होने लगती है, जिससे मशरूम जल्दी से सड़ जाते हैं।

2. पेपर बैग का इस्तेमाल करें
मशरूम को स्टोर करने का सबसे सही तरीका है ब्राउन पेपर बैग। मशरूम को बिना धोए पेपर बैग में रखें। पेपर बैग एक्सट्रा नमी को सोख लेता है और मशरूम लंबे समय तक खराब नहीं होता। इसे फ्रिज के उस हिस्से में रखें जहां अच्छी हवा आती हो। 

3. धोने की गलती न करें
मशरूम स्पंज की तरह होते हैं, जो पानी को तुरंत सोख लेते हैं। पकाने से ठीक पहले ही इन्हें धोएं या गीले कपड़े से साफ करें। अगर आप इन्हें पहले से धोकर फ्रिज में रखेंगे, तो ये 24 से 48 घंटे के भीतर खराब हो जाएंगे।

4. एयरटाइट कंटेनर और टिश्यू पेपर का इस्तेमाल
अगर आपके पास पेपर बैग नहीं है तो एक प्लास्टिक या कांच का डिब्बा लें। नीचे और ऊपर पेपर टॉवल या टिश्यू पेपर बिछाएं। बीच में मशरूम रखें और ढक्कन को थोड़ा सा ढीला रखें या उसमें हवा आने-जाने की जगह छोड़ें। टिश्यू पेपर रोजाना बदलते रहें।

5. लंबे समय के लिए करें ब्लांच या फ्रीज
अगर आप मशरूम को हफ्तों का फ्रेश रखना चाहते हैं तो मशरूम को थोड़े से मक्खन या तेल में तेज आंच पर 3-4 मिनट भून लें। ठंडा होने पर एयरटाइट जिपलॉक बैग में भरकर फ्रीजर में रख दें। आप चाहें तो इसे उबालकर भी रख सकते हैं। इसके लिए मशरूम को 2-3 मिनट के लिए उबलते पानी में डालें, फिर तुरंत बर्फ वाले ठंडे पानी में डाल दें। सुखाकर फ्रीजर बैग में स्टोर करें।

Latest Lifestyle News