वजन घटाना एक दिन या कुछ महीने का खेल नहीं है। इसके लिए लंबे समय तक अच्छी डाइट, वर्कआउट और हेल्दी आदतों को अपनाना होता है। खासतौर से पेट की चर्बी कम करने में सबसे ज्यादा मुश्किल आती है। कई बार महीनों तक अच्छी डाइटिंग करने के बाद भी पेट कम नहीं होता है। निकली हुई तोंद को कम करने के लिए आपको लगातार मेहनत करनी होगी, तब जाकर कहीं असर दिखेगा। आपको इसके लिए कुछ हेल्दी आदतों को भी अपनी लाइफस्टाइल में शामिल करना होगा। जानिए पेट घटाने और तोंद कम करने के लिए क्या करें?
पेट कम करने के लिए क्या करें?
बैलेंस डाइट लें- आपको डाइटिंग की नहीं बल्कि बैलेंस डाइट की जरूरत है। वजन घटाने का 70% हिस्सा आपके नियमित खान-पान पर निर्भर करता है। इसमें फाइबर, प्रोटीन और पोषक तत्वों से भरपूर चीजें शामिल करें। बैलेंस डाइट में नारियल पानी, कीवी जैसे फल और सीड्स और ड्राई फ्रूट्स भी शामिल करें। रोजाना खाने में 30-40 ग्राम प्रोटीन लें। आपको साबुत अनाज, घर का बना खाना , कम फैट वाला प्रोटीन, फल और सब्जियां खानी चाहिए। बाहर का खाना, प्रोसेस्ड फूड, हाई कैलोरी डाइट और मीठा छोड़ बहुत कम कर दें।
वॉक है जरूरी- एकदम से तेजी से वजन कम नहीं होता लेकिन लंबे समय में वॉक की आदत आपके वजन को कंट्रोल करने में मदद कर सकती है। इसलिए रोजाना पैदल चलने की आदत बना लें। कैलोरी बर्न करने के लिए प्रतिदिन 10,000 से 12,000 कदम चलने की सलाह दी जाती है। खाने के बाद 10-15 मिनट पैदल चलकर, सुबह की सैर करके , इंक्लाइन ट्रेडमिल का उपयोग करके आप पैदल चलने के स्टेप बढ़ा सकते हैं।
कसरत करना- घर पर या जिम में व्यायाम जरूर करें। ये वजन घटाने के लिए महत्वपूर्ण है कि आपका शरीर प्रतिदिन कैलोरी बर्न करे। इसके लिए आप योग, वेट ट्रेनिंग, स्विमिंग या किसी तरह की दूसरी एक्सरसाइज कर सकते हैं। जिससे आपकी कैलोरी बर्न हों। कैलोरी-डेफिशिएंट मोड में जल्दी वजन कम करने में मदद मिलती है।
रिकवरी है जरूरी- वजन कम होना सिर्फ ट्रेनिंग के दौरान ही नहीं होता। यह तब होता है जब आपका शरीर ठीक से रिकवर होता है। इसके लिए 7-9 घंटे की अच्छी नींद , आराम के दिन भी जरूरी हैं। इसके साथ ही स्ट्रैस मैनेजमेंट और स्ट्रेचिंग पर ध्यान दें। रिकवर होने पर मांसपेशियां बढ़ती हैं, मेटाबॉलिज़्म बेहतर होता है और बॉडी टाइट होती है।
भरपूर पानी पीएं- शरीर में पानी की कमी न होने दें, क्योंकि इससे भी वजन पर असर होता है। आपको दिनभर में 2-3 लीटर पानी जरूर पीना चाहिए। इससे पाचन क्रिया मजबूत होती है। पेट फूलना कम होता है, व्यायाम करने की क्षमता बढ़ती है, त्वचा स्वस्थ रहती है, ऊर्जा मिलती है और भूख पर नियंत्रण रहता है। ज्यादातर लोग सोचते हैं कि उन्हें भूख लगी है, लेकिन असल में वो पानी की कमी भी हो सकती है।
लगातार प्रयास करें- अगर आप लगातार लंबे समय तक इन आदतों को बनाए रखते हैं तो इससे वजन ही नहीं निकला हुआ पेट भी कम होने लगेगा। सिर्फ 8-12 हफ्तों यानि करीब 2-3 महीनों में आपको फर्क नजर आने लगेगा। इसमें डाइट, वॉक, ज्यादा पानी पीना, ज्यादा प्रोटीन और फाइबर लेना, नींद और पैदल चलना शामिल रखें।
Latest Lifestyle News