1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. अब बारिश में नहीं चिपकेगी चीनी, बस अपनाकर देखें ये घरेलू उपाय, हर दाना रहेगा खिला खिला

अब बारिश में नहीं चिपकेगी चीनी, बस अपनाकर देखें ये घरेलू उपाय, हर दाना रहेगा खिला खिला

आपने अक्सर घर में मम्मी या अपनी बहन, भाभी को ये कहते सुना होगा कि चीनी सील गई। ये समस्या बरसात के मौसम में सबसे ज्यादा होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं बारिश के मौसम में चीनी को चिपचिपी होने से कैसे बचाया जा सकता है। यहां बताए गए घरेलू नुस्खे आपके बेहद काम आ सकते हैं।

अब बारिश में नहीं चिपकेगी चीनी, बस अपनाकर देखें ये घरेलू उपाय- India TV Hindi
Image Source : MAGNIFIC अब बारिश में नहीं चिपकेगी चीनी, बस अपनाकर देखें ये घरेलू उपाय

बारिश का मौसम आते ही हवा में नमी इतनी बढ़ जाती है कि रसोई में रखी कई चीजें खराब होने लगती हैं। इनमें सबसे पहला नंबर आता है चीनी का। मानसून के दिनों में चीनी अक्सर सील जाती है, चिपचिपी हो जाती है और कभी-कभी तो उसमें पानी तक छूटने लगता है। ऐसी डिब्बे में बंद चीनी में गुठलियां पड़ जाती हैं और उसे इस्तेमाल करना मुश्किल हो जाता है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो अब चिंता की कोई बात नहीं। आपकी रसोई में ही कुछ ऐसी चीजें मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल कर आप चीनी को पूरे मानसून खराब होने से बचा सकते हैं। चलिए जानते हैं। 

1. लौंग का इस्तेमाल
चीनी को नमी से बचाने का सबसे पुराना और कारगर नुस्खा है लौंग। चीनी के डिब्बे में 5 से 6 साबुत लौंग डाल दें। लौंग न सिर्फ हवा की नमी को सोख लेती है, बल्कि इसकी तेज महक के कारण चीनी में चींटियां भी नहीं लगती हैं।

2. चावल की पोटली
चावल को नेचुरल 'मॉइस्चर एब्जॉर्बर' माना जाता है। ऐसे में एक छोटे से सूती या मलमल के कपड़े में एक चम्मच कच्चे चावल बांधकर एक छोटी सी पोटली बना लें। इस पोटली को चीनी के डिब्बे के अंदर रख दें। चावल डिब्बे की सारी नमी को अपने अंदर खींच लेगा और चीनी का हर दाना बिल्कुल अलग-अलग रहेगा।

3. ब्लॉटिंग पेपर या टिशू पेपर
अगर आपके पास चावल की पोटली बनाने का समय नहीं है, तो आप टिशू पेपर का इस्तेमाल कर सकते हैं। चीनी के डिब्बे के निचले हिस्से में और सबसे ऊपर एक-एक साफ टिशू पेपर या ब्लॉटिंग पेपर रख दें। यह पेपर नमी को चीनी तक पहुंचने से पहले ही सोख लेता है।

4. राजमा के दाने
सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन चीनी के जार में 4-5 सूखे राजमा के दाने डालना बहुत फायदेमंद होता है। राजमा के दाने चीनी की नमी को सोख लेते हैं और इससे चीनी में गुठलियां नहीं बनतीं।

इन बातों का रखें खास ध्यान
बारिश के दिनों में चीनी को कभी भी प्लास्टिक की थैलियों या ढीले ढक्कन वाले डिब्बों में न रखें। हमेशा अच्छी क्वालिटी के एयरटाइट कांच या भारी प्लास्टिक के जार का ही इस्तेमाल करें। इसके अलावा बारिश के मौसम में चीनी निकालने के लिए कभी भी गीले या नमी वाले चम्मच का इस्तेमाल न करें। थोड़ा सा भी पानी पूरी चीनी को खराब कर सकता है।

Latest Lifestyle News