क्या आप भी जब नींबू खरीदने के लिए जाते हैं, तो कंफ्यूज हो जाते हैं, कि आपको कौन-कौन से नींबू को तराजू पर चढ़ाना चाहिए? अगर हां, तो आज हम आपको कुछ ऐसी टिप्स के बारे में बताएंगे, जिनकी मदद से आप आसानी से रसभरा और ताजा नींबू छांट पाएंगे। छोटी-छोटी टिप्स की मदद से आप आसानी से पहचान पाएंगे कि कौन सा नींबू अंदर से सूखा है और कौन सा नींबू ताजा और रसभरा है। आइए ऐसी ही कुछ मददगार टिप्स के बारे में जानकारी हासिल करते हैं।
रंग पर ध्यान दीजिए- अगर नींबू का रंग हरेपन पर है, तो समझ जाइए कि नींबू अंदर से कच्चा है और हरे यानी ग्रीन कलर के नींबू में ज्यादा रस भी नहीं होता है। वहीं, अगर नींबू का रंग गाढ़ा पीला यानी डार्क येलो है, तो ये एक रसदार नींबू की निशानी है। नींबू खरीदने से पहले या फिर तराजू पर चढ़ाने से पहले एक बारी देख लीजिए कि नींबू पर भूरे रंग के धब्बे नहीं होने चाहिए।
कैसी है छिलके की बनावट- अगर नींबू के छिलके की बनावट पतली और चिकनी है, तो ये नींबू रसभरा निकल सकता है। अगर नींबू मोटे छिलके वाला है, तो पतले छिलके वाले नींबू की तुलना में इसमें कम रस हो सकता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गर्मियों के मौसम में पतले छिलके वाले और पीले रंग के नींबू बेहतर होते हैं। इसके अलावा आप नींबू के वजन से भी नींबू की फ्रेशनेस और जूसीनेस का अंदाजा लगा सकते हैं। अगर नींबू का वजन भारी लग रहा हो, तो समझ जाइए कि इस नींबू में रस है और रस होने की वजह से नींबू का वजन भारी लग रहा है।
नींबू को छूकर देखिए- आप नींबू को छूकर और दबाकर भी देख सकते हैं। नींबू दबाने पर थोड़ा सा नरम लग रहा है, तो ये नींबू अच्छा है। लेकिन अगर नींबू बहुत ज्यादा नरम लग रहा है, तो ऐसे नींबू को न खरीदें क्योंकि ज्यादा नरम नींबू सड़ा हुआ निकल सकता है। अगर नींबू दबाने पर ज्यादा कठोर लग रहा है, तो हो सकता है कि नींबू अभी कच्चा हो। अगली बार जब भी नींबू खरीदने जाएं, तो इन छोटी-छोटी टिप्स को जरूर याद रखें।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
Latest Lifestyle News