1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. पुदीने के पौधे में फिटकरी का पानी डालने से क्या होता है?

पुदीने के पौधे में फिटकरी का पानी डालने से क्या होता है?

गर्मी में पेड़ पौधे मुरझा जाते हैं ऐसे में उनकी खास देखभाल करना बेहद जरूरी है। पुदीने के पौधे के साथ कुछ ऐसा ही है। ऐसे में आप पुदीने के पौधे में फिटकरी का पानी डाल सकते हैं। चलिए जानते हैं पुदीने के पौधे में फिटकरी का पानी डालने से क्या होता है।

पुदीने के पौधे में फिटकरी का पानी डालने से क्या होता है?- India TV Hindi
Image Source : CANVA पुदीने के पौधे में फिटकरी का पानी डालने से क्या होता है?

गर्मी के मौसम में पुदीना का इस्तेमाल छाछ से लेकर आम पन्ना तक में खूब किया जाता है। इसकी खपत को देखते हुए कुछ लोग घर पर ही इसके पौधे लगा लेते हैं। लेकिन भीषण गर्मी की वजह से पौधे जल्दी सूख जाते हैं या फिर उस पर सही से पत्ते नहीं आते। ऐसे में लोग पौधे का ध्यान रखने के लिए तमाम तरह के उपाय खोजते हैं। इन्हीं उपायों में से एक है पुदीने के पौधे में फिटकरी का पानी डालना। क्या आपको मालूम है कि पुदीने के पौधे में फिटकरी का पानी डालने से क्या होता है। चलिए जानते हैं। 

1. मिट्टी का पीएच लेवल सुधरता है
पुदीने के पौधे को थोड़ा अम्लीय मिट्टी पसंद होती है। यदि आपके गमले की मिट्टी एल्कलाइन हो गई है, तो पुदीने की ग्रोथ रुक जाती है और पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं। फिटकरी का पानी मिट्टी के पीएच लेवल को कम करके उसे पुदीने के अनुकूल बनाता है, जिससे पौधा पोषक तत्वों को आसानी से सोख पाता है।

2. कीड़े-मकोड़े और चींटियों से छुटकारा
पुदीने की खुशबू वैसे तो कीड़ों को दूर रखती है, लेकिन कई बार इसकी जड़ों में चींटियां या मिट्टी में हानिकारक फंगस लग जाते हैं। फिटकरी में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण होते हैं। इसका पानी जड़ों में डालने से मिट्टी के कीड़े, फंगस और चींटियां तुरंत भाग जाती हैं।

3. पत्तियां हरी-भरी और चमकदार बनती हैं
पोषक तत्वों के सही अवशोषण के कारण पुदीने की पत्तियां ज्यादा हरी, बड़ी और चमकदार होने लगती हैं। पौधे में नई शाखाएं निकलती हैं और वह तेजी से घना होने लगता है।

इस्तेमाल करने का तरीका 
1 लीटर साफ पानी लें और उसमें छोटा सा फिटकरी का टुकड़ा डालकर 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें या आधा चम्मच फिटकरी का पाउडर मिला लें। यदि आपने टुकड़ा डाला है, तो पानी का रंग हल्का सफेद होते ही टुकड़े को बाहर निकाल लें। पानी को बहुत गाढ़ा न होने दें। इस तैयार पानी को पुदीने के पौधे की जड़ों के आसपास डालें। ध्यान रहे कि यह पानी पत्तियों पर सीधे न गिरे, केवल मिट्टी में जाए।

Latest Lifestyle News