पीरियड्स के दौरान हार्मोनल बदलावों की वजह से अक्सर महिलाओं को कमजोरी, थकान, पेट दर्द और मूड स्विंग्स जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में डाइट का खास ख्याल रखना जरूरी है। सर्टिफाइड न्यूट्रिशनिस्ट किरण कुकरेजा ने बताया कि पीरियड्स के दिनों में वह अपनी डाइट में किन चीजों को शामिल करती हैं, ताकि शरीर को जरूरी पोषक तत्व और एनर्जी मिल सके।
पीरियड्स के दौरान ऐसी होनी चाहिये डाइट
-
भीगी हुई किशमिश और केसर का पानी: किरण अपने दिन की शुरुआत केसर के पानी में भीगी हुई किशमिश के साथ करती हैं। 8-10 काली किशमिश को 3-4 केसर के धागे के पानी में भिगोएं। सुबह पानी छान लें और पी लें। इसके साथ भीगे हुए बादाम और अखरोट का भी सेवन करें।
-
एप्पल फाइबर बाउल रेसिपी: उसके बाद नाश्ते में किरण अपनी डाइट में स्ट्यूड एप्पल फाइबर बाउल को शामिल करती हैं ताकि शररीर को फाइबर मिले और पीरियड के दौरान कब्ज का समाना न करना पड़ें। छिले हुए 2 सेबों को थोड़ी सी दालचीनी के साथ नरम होने तक 6-7 मिनट तक पकाएं फिर उसमें भीगे हुए चिया सीड्स, 1 बड़ा चम्मच अलसी का पाउडर, 1 बड़ा चम्मच भुने हुए कद्दू के बीज, कुछ भीगी हुई काली किशमिश, 2 सूखे आलूबुखारे और 3-4 चम्मच अनार के दाने डालें। सब कुछ एक साथ मिलाएं और आपका फाइबर बाउल तैयार है।
-
वेजिटेबल जूस: किरण अपनी डाइट में जूस को भी शामिल करती हैं। एक चुकंदर के साथ आधी गाजर, आधा कप अनार, धनिया पत्ती, पुदीना पत्ती को पीसकर छान लें और उसके बाद उसमें आधा नींबू का रस मिलाकर इस ड्रिंक का सेवन करें।
-
ज्वार रोटी: लंच में किरण ज्वार की रोटी के साथ बीन की सब्जी और दही का सेवन करती हैं। ज्वार की रोटी बनाने के लिए आटा लें और उसमें बारीक कटा हुआ प्याज, धनिया पत्ती, हरी मिर्च, नमक और काली मिर्च पाउडर मिलाएं। गुनगुना पानी डालें और नरम आटा गूंथ लें। आटे के हिस्से करें और हर हिस्से की रोटी बेल लें। गर्म तवे पर दोनों तरफ से सुनहरा और अच्छी तरह पकने तक सेकें।
-
पनीर मखाना टिक्की: डिनर में किरण बैलेंस्ड मील लेना पसन्द करती हैं जिसमें दाल, राइस और पनीर मखाना टिक्की शामिल करती हैं। मखाने भिगोएं और अच्छी तरह पानी निकाल दें। भीगे हुए मखाने, कद्दूकस किया हुआ पनीर, 1 उबला हुआ आलू, कद्दूकस की हुई गाजर, उबले हुए मटर, धनिया पत्ती, हरी मिर्च, चाट मसाला, नमक, काली मिर्च पाउडर और ज़रूरत के अनुसार मसाले मिलाएं। सब कुछ अच्छी तरह मिलाएं और मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्कियां बना लें। टिक्कियों को गर्म तवे पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें।
-
हिबिस्कस चाय: रात के समय 1 कप पानी को 3-4 मिनट तक उबालें। आंच बंद कर दें और 1 छोटा चम्मच सूखे हिबिस्कस के फूल डालें। ढक दें और 7-10 मिनट तक ऐसे ही रहने दें। छान लें और गर्म-गर्म पिएं।
Latest Lifestyle News