गर्मियों का मौसम आते ही फलों का राजा आम भी आ जाता है। फलों की दुकानों पर हरे, पीले और नारंगी आम की कई किस्में सज जाती हैं। अप्रैल से आम शुरू हो जाते हैं जो अगस्त सितंबर तक खाए जाते हैं। भारत के अलग-अलग राज्यों में आम की कई किस्में उगाई जाती हैं। सभी आम का स्वाद और खुशबू अलग होती है। लेकिन एक जगह ऐसी ही जिसे मैंगो कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड कहा जाता है। यहां के आम का स्वाद पूरी दुनिया में मशहूर है। आइये जानते हैं ये जगह किस देश में और किस राज्य के कौन से शहर में है?
दुनिया की 'आम' राजधानी कौन सी है?
मैंगो कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड के नाम से मशहूर जगह भारत का ही एक शहर है। यह खास पहचान मिली है उत्तर प्रदेश राज्य के एक मशहूर शहर मलिहाबाद को, जहां के आम पूरी दुनिया के लोग पसंद करते हैं। मलिहाबाद के आम भारत में प्रीमियम आम की लिस्ट में शामिल हैं। इनका स्वाद बहुत मीठा होता है। बहुत ज्यादा पल्प वाले ये आम स्वाद में शहद जैसे मीठे होते हैं।
क्यों खास हैं मलिहाबाद के आम?
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पास मलिहाबाद है जहां आम की खेती की जाती है। मलिहाबाद में आपको बड़े बड़े आम के बाग मिल जाएंगे। जहां बेहतरीन क्वालिटी के आम पैदा किए जाते हैं। इन आम की सप्लाई विदेशों में भी की जाती है। आम के लिए मलिहाबाद की मिट्टी और जलवायु को बहुत अच्छा माना जाता है। जिसकी वजह से यहां उगने वाले आम स्वाद में बेहद खास होते हैं।
मलिहाबाद के दशहरी आम
मलिहाबाद में दशहरी आम के बाग हैं। यहां पैदा होने वाले दशहरी आम का साइज काफी बड़ा होता है। इन आम की मिठास बहुत ज्यादा होती है। इनका छिलका काफी पतला होता है और खुशबूदार स्वाद होता है। दशहरी आम की शुरुआत मलिहाबाद से ही हुई थी। मलिहाबाद के दशहरी आम हल्के पीले और हरे होते हैं। यहां कुछ लोग अब आम की दूसरे किस्में भी पैदा करने लगे हैं। हर साल मलिहाबाद में 'आम महोत्सव' का भी आयोजन किया जाता है। जिसमें आपको अलग-अलग किस्मों के आम, आम के बने व्यंजनों का स्वाद चखने को मिलता है।
Latest Lifestyle News