1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. दही जमाने के लिए गर्मियों में कौन सा बर्तन बेस्ट होता है, इस ट्रिक को अपनाएं, बिल्कुल भी खट्टा नहीं जमेगा

दही जमाने के लिए गर्मियों में कौन सा बर्तन बेस्ट होता है, इस ट्रिक को अपनाएं, बिल्कुल भी खट्टा नहीं जमेगा

Best Pot For Curd Making: दही जमाने के लिए सही बर्तन का इस्तेमाल करना जरूरी है। इससे दही गाढ़ा और मीठा जमकर तैयार होगा। जानिए गर्मियों में किस बर्तन में दही जमाना चाहिए?

दही जमाने के लि सबसे अच्छा बर्तन- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV दही जमाने के लि सबसे अच्छा बर्तन

गर्मियों में रोजाना 1 कटोरी दही जरूर खाएं। दही नेचुरल प्रोबायोटिक का काम करता है, जिससे गट हेल्थ बेहतर होती है। दही खाने से पेट में गुड बैक्टीरिया बढ़ते हैं। पेट को ठंडा रखने में दही असरदार भोजन है। दस्त होने पर दही चावल खाने की सलाह दी जाती है। हालांकि इसके लिए घर का दही इस्तेमाल करेंगे तो ज्यादा अच्छा है। घर में दही जमाना बहुत आसान है। हां इसके लिए आपको सही बर्तन का चुनाव करना जरूरी है। गर्मी और सर्दी में दही जमाने के लिए अलग-अलग बर्तन का इस्तेमाल करना होता है। इससे दही खट्टा नहीं होगा और एकदम गाढ़ा जमेगा। आइये जानते हैं गर्मी में दही जमाने के लिए किस बर्तन का इस्तेमाल करें, जिससे दही खट्टा न हो।

गर्मी में दही जमाने के लिए कौन सा बर्तन अच्छा होता है?

मिट्टी का बर्तन- गर्मियों में दही जमाने के लिए मिट्टी का बर्तन बेस्ट माना जाता है। बाजार में दही जमाने के लिए खास मिट्टी के बर्तन मिलते हैं। ये मिट्टी के बर्तन चौड़े होते हैं और ठंडे रहते हैं, जिससे दही खट्टा नहीं होता है। मिट्टी का बर्तन पानी सोख लेता है जिससे दही गाढ़ा जमता है। गर्मी में मिट्टी के बर्तन में जमी दही स्वास्थ्य के लिए भी अच्छी होती है। ये दही गट के लिए और भी फायदेमंद बन जाती है।

स्टील का चौड़ा बर्तन- अगर आपके पास मिट्टी का बर्तन नहीं है तो इसकी जगह कोई चौड़ा बर्तन इस्तेमाल कर सकते हैं। इस वक्त किसी बाउल या उससे चौड़े बर्तन में दही जमाना चाहिए। इससे दही कम खट्टा होता है। चौड़े बर्तन में दही अच्छा और गाढ़ा भी जमता है। दूध बहुत देर तक इस बर्तन में गर्म नहीं रहता है। जिससे दही कम खट्टा होता है।

सर्दियों में दही किस बर्तन में जमाना चाहिए?

ऊंचा और गहरा बर्तन- अगर आप ऊंचे और गहरे बर्तन जैसे किसी डब्बे में या लोटा में दही जमाते हैं तो इसमें दूध ज्यादा देर के लिए गर्म बना रहता है। इससे दही खट्टा होने लगता है। ऐसे बर्तन का इस्तेमाल आपको सर्दियों में दही जमाने के लिए करना चाहिए। सर्दियों में दूध जल्दी ठंडा होने लगता है, लेकिन इस तरह के बर्तन में दही जमने के लिए अच्छा टेंपरेचर बना रहता है।

प्लास्टिक का बर्तन- दही जमाने के लिए प्लास्टिक के बर्तन का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। प्लास्टिक में गर्म दूध रखना सही नहीं होता है। इसके अलावा प्लास्टिक जल्दी गर्म हो जाता है। जिससे दही खट्टा हो सकता है। प्लास्टिक के बर्तन रसोई में सूखी चीजें रखने के लिए इस्तेमाल किए जा सकते हैं।

 

Latest Lifestyle News