1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. 40 से 50 साल की महिलाएं वजन घटाने के चक्कर में भूखे रहना तुरंत बंद कर दें, फिटनेस कोच ने बताया पतले होने का तरीका

40 से 50 साल की महिलाएं वजन घटाने के चक्कर में भूखे रहना तुरंत बंद कर दें, फिटनेस कोच ने बताया पतले होने का तरीका

अगर आप वजन घटाने के लिए भूखे रहती हैं और फिर भी मोटापा कम होने का नाम नहीं ले रहा है तो आज से ही डाइटिंग बंद कर दें और समझें कि कहां गलती कर रही हैं। आइये जानते हैं 40 से 50 साल की उम्र की महिलाओं को वजन घटाने के लिए क्या करना चाहिए?

40 के बाद वजन घटाना- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV 40 के बाद वजन घटाना

अगर आप 40 या 50 की उम्र में हैं और वजन कम करने की कोशिश कर रही हैं , लेकिन मोटापा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आप कम खाती हैं, लो कैलोरी डाइट लेती हैं और जमकर कार्डियो एक्सरसाइज भी करती हैं, फिर भी नतीजे नहीं मिल रहे हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। इसमें आपका वर्कआउट और डाइट के साथ शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव भी अहम भूमिका निभाते हैं। 

फिटनेस कोच राज गणपथ (स्लो बर्न मेथड के संस्थापक, क्वाड फिटनेस के सह-संस्थापक और हेड कोच और सिंपल, नॉट ईज़ी पुस्तक के लेखक) ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है जिसमें वो बता रहे हैं कि 40 और 50 के दशक में महिलाओं को वजन कम करने में कठिनाई क्यों हो सकती है। उन्होंने बताया कि अगर आप वजन घटाने के चक्कर में बहुत कम खा रही हैं, बहुत ज्यादा कार्डियो कर रही हैं और खुद को कई चीजों से वंचित कर रही हैं, तो आपको यह सब तुरंत बंद कर देना चाहिए। 

40-50 की उम्र में वजन कम क्यों नहीं होता?

कोच राज गणपथ के मुताबिक इस उम्र में वजन घटाने के लिए डाइट और वर्कआउट के साथ आपको शरीर में होने वाले हार्मोन बदलावों को भी देखना जरूरी है। वजन कम करने में आपको जो परेशानी हो रही है, उसका मतलब ये नहीं है कि आप कम मेहनत कर रही हैं बल्कि इसकी वजह आपकी बेसल मेटाबॉलिक रेट (बीएमआर) कम हो गई है। ऐसा क्यों हुआ? क्योंकि आप पेरिमेनोपॉज से गुजर रही हैं। और पेरिमेनोपॉज के दौरान, आपके शरीर में एस्ट्रोजन का स्तर घटता-बढ़ता रहता है, इसके चलते शरीर में मांसपेशियों का द्रव्यमान कम हो जाता है और मांसपेशियों का द्रव्यमान कम होने पर बीएमआर भी कम हो जाता है।

40 के बाद वजन कैसे घटाएं?

इसका समाधान कैलोरी में कटौती करना , खुद को भूखा रखना या ज्यादा कार्डियो करना नहीं है। इसकी बजाय आपको मांसपेशियां बनाने पर ध्यान देना चाहिए। आप इन चीजों को ध्यान रखते हुए अधिक मांसपेशियां बना सकते हैं या जो पहले से हैं उन्हें मजबूत बना सकते हैं।

मज़बूती की ट्रेनिंग- मांसपेशियों को बनाए रखने के लिए स्ट्रेंथ ट्रेनिंग बेहद जरूरी है। मांसपेशियों को चुनौती देने से उन्हें ताकत बनाए रखने और बढ़ाने के लिए जरूरी सपोर्ट मिलता है। फिटनेस कोच के मुताबिक हर हफ्ते दो से चार दिन नियमित रूप से और पूरी लगन से स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करें। किसी भी तरह इसे संभव बनाएं।

पर्याप्त प्रोटीन का सेवन करें- प्रोटीन मांसपेशियों और हड्डियों की मजबूती के लिए जरूरी है। स्ट्रेंथ ट्रेनिंग के साथ-साथ, पर्याप्त प्रोटीन का सेवन मांसपेशियों को बनाए रखने और मजबूत करने में मदद करता है। हर दिन अपने शरीर के वजन के प्रति किलोग्राम 1.5 ग्राम प्रोटीन लें।

पर्याप्त नींद- शरीर को स्वस्थ रखने के लिए नींद बेहद जरूरी है। आराम करने पर मांसपेशियां भी ठीक होती हैं और बढ़ती हैं, इसलिए चाहे आप कितनी भी ज़ोरदार कसरत करें, जब तक आप अपने शरीर को आराम करने के लिए पर्याप्त समय नहीं देंगे, तब तक आपकी मेहनत रंग नहीं लाएगी।

 

Latest Lifestyle News