अजवाइन का पराठा स्वाद में तो मजेदार होता ही है, साथ ही यह आपकी सेहत खासकर पाचन तंत्र के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। भागदौड़ भरी जिंदगी और अनियमित खान-पान की वजह से एसिडिटी,गैस,ब्लोटिंग और पेट दर्द जैसी समस्याएं बेहद आम हो गई हैं। ऐसे में इससे छुटकारा दिलाने में अजवाइन का पराठा एक बेहतरीन देसी उपाय साबित हो सकता है। अजवाइन में मौजूद 'थाइमोल' नाम का कंपाउंड पेट में डाइजेस्टिव एंजाइम्स को सक्रिय करता है, जिससे खाना जल्दी पचता है और पेट की गैस तुरंत आराम मिलता है। यहां हम आपके लिए अजवाइन का पराठा की रेसिपी लेकर आए हैं। फटाफट नोट करें रेसिपी।
सामग्री
- गेहूं का आटा: 2 कप
- अजवाइन: 1 से 1.5 छोटा चम्मच
- देसी घी या तेल: पराठा मोयन और सेकने के लिए
- नमक: स्वादानुसार
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- पानी: आटा गूंथने के लिए
बनाने का तरीका
स्टेप 1
एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा छान लें। अब इसमें अजवाइन को अपनी हथेलियों के बीच थोड़ा सा मसलकर डालें। फिर नमक, थोड़ा सा देसी घी और बारीक कटा हरा धनिया मिलाएं।
स्टेप 2
थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक नरम और लचीला आटा गूंथ लें। आटे को ढककर 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि पराठे सॉफ्ट बनें।
स्टेप 3
गूंथे हुए आटे से मध्यम आकार की लोइयां तोड़ें। एक लोई पर सूखा आटा लगाएं और उसे गोल बेल लें। पराठे को ज्यादा परतदार बनाने के लिए बेली हुई रोटी पर थोड़ा सा घी और चुटकी भर लाल मिर्च छिड़कें, फिर इसे त्रिकोण या लच्छेदार मोड़कर दोबारा बेल लें।
स्टेप 4
तवे को मध्यम आंच पर गरम करें। बेले हुए पराठे को तवे पर डालें। जब एक तरफ हल्का सा सिक जाए, तो पलट दें। अब दोनों तरफ थोड़ा-थोड़ा देसी घी या तेल लगाकर हल्का दबाते हुए सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेकें। फिर चाय या अचार के साथ इसका लुत्फ उठाएं।
अजवाइन पराठा के फायदे
गैस और एसिडिटी से राहत: अजवाइन पेट में मरोड़ और भारीपन को तुरंत दूर करती है।
वजन नियंत्रण: अजवाइन मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करती है, जिससे फैट बर्न करने में मदद मिलती है।
सर्दियों और मानसून में फायदेमंद: इसकी तासीर हल्की गर्म होती है, जो पेट को ठंड से बचाती है।
Latest Lifestyle News