बंगाल चुनाव में नेताओं के वादे और स्लोगन से ज्यादा झालमुरी की चर्चा रही। पीएम मोदी ने बंगाल की झालमुरी का स्वाद चखा जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अब बंगाल में BJP ने शानदार जीत दर्ज करने के बाद एक बार फिर झालमुरी का स्वाद लिया। नेता और कार्यकर्ताओं ने झालमुरी खाकर जश्न मनाया। अगर आपको भी झालमुरी पसंद है तो घर में आसानी से बना सकते हैं। झालमुरी हेल्दी स्नैक्स है जिसे आप चाय के साथ या शाम को नाश्ते में खा सकते हैं। बहुत कम तेल और मसाले में तैयार ये लाइट स्नैक आपको बंगाल की गली मोहल्ले में बिकता हुआ मिल जाएगा। आज वही बंगाली झालमुरी की रेसिपी हम आपको बता रहे हैं। जानिए बंगाली झालमुरी कैसे बनाते हैं?
बंगाली झालमुरी रेसिपी (How To Make Jhalmuri At Home)
पहला स्टेप- झालमुरी बनाने के लिए आपको एकदम क्रिस्पी मुरमुरे लेने हैं। अगर मुरमुरे काफी दिनों से रखे हैं तो इन्हें कड़ाही में डालकर एकदम धीमी आंच पर हल्का सेंक लें। इससे मुरमुरे फिर से क्रिस्पी हो जाएंगे। अब झालमुरी बनाने के लिए दूसरी सभी सामग्री तैयार करनी है।
दूसरा स्टेप- इसके लिए 1 प्याज को बारीक काट लें, 1 टमाटर बारीक कटा, 1-2 हरी मिर्च बारीक कटी, उबले आलू के छोटे टुकड़े और थोड़ा सा हरा धनिया लें। झालमुरी को हेल्दी बनाने के लिए इसमें भुना चना, मूंगफली और चाहें तो सेव भी मिला सकते हैं। इससे झालमुरी काफी ज्यादा क्रंची और स्वादिष्ट बनती है।
तीसरा स्टेप- अब मुरमुरे और इन सारी चीजों को किसी बाउल में डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। झालमुरी का स्वाद बढ़ाने के लिए मसालों में नमक, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला डालें। इसका असली फ्लेवर सरसों के तेल से आता है। झालमुरी में बिना पका सरसों का तेल डालने से जो स्वाद आता है वही इसकी जान है और वही बंगाली स्वाद भी लाता है।
चौथा स्टेप- अब इसमें हल्का खट्टापन लाने के लिए नींबू का रस डालें। सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर दें और जिससे मुरमुरे के हर दाने पर मसाले अच्छी तरह से चिपक जाएं। तैयार है स्वादिष्ट बंगाली स्टाइल वाली झालमुरी। आप इसे तुरंत बनाकर ही खा लें। ज्यादा देर तक झालमुरी बनाकर रखने से इसका क्रंची स्वाद खत्म हो जाता है।
Latest Lifestyle News