दुर्गा पूजा के मौके पर खाने को बंगाली टच देना है तो आप पाइनएप्पल से मीठा चटनी बनाकर खा सकते हैं। बंगाली खाने में आपको पाइनएप्पल और खजूर की चटनी खाने को मिलेगी। ये बहुत ही टेस्टी बनती है और बनाने का प्रोसेस भी बहुत आसान है। इसके लिए आप बाजार से कटा हुआ पाइनएप्पल ले आएं या घर में ही पाइनएप्पल को छीलकर काट लें। फटाफट नोट कर लें खट्टी मीठी पाइनएप्पल चटनी की रेसिपी।
पाइनएप्पल चटनी रेसिपी
पहला स्टेप- सबसे पहले पाइनएप्पल को छीलकर काट लें और अच्छी तरह से कद्दूकस कर लें। पाइनएप्पल को लंबा-लंबा काटें इससे बीच का हार्ड हिस्सा नहीं निकालें। इससे पाइनएप्पल को आसानी से ग्रेट किया जा सकता है। पाइनएप्पल की 2 स्लाइस अलग रख लें। इन्हें चटनी में काटकर मिलाना है। सारा पाइनएप्पल कद्दूकस में मोटी वाली साइड से घिसें, क्योंकि इसे एकदम बारीक नहीं करना है।
दूसरा स्टेप- अब एक कड़ाही में कद्दूकस किया पाइनएप्पल डाल दें। इसमें थोड़ा सा काला नमक और रेगुलर सॉल्ट डाल दें। इसके बाद फ्लेम को मीडियम रखें और इसे थोड़ा पकाएं। वैसे तो इसमें अपना जूस ही काफी होता है, लेकिन चटनी को जूसी रखने के लिए इसमें थोड़ा और पानी मिला दें।
तीसरा स्टेप- पाइनएप्पल को ढककर अच्छी तरह पकाएं जब तक ये गलकर मुलायम न हो जाए। कम से कम 10 से 15 मिनट के लिए इसे पकाएं। अब थोड़ा काजू, किशमिश, खजूर और चेरी काट लें। जब पाइनएप्पल पक जाए तो इसमें चीनी मिला दें और फिर से चीनी के घुलने तक पकाएं। चीनी का पानी कम होने लगे तो इसमें कटे हुए ड्राई फ्रूट्स और चेरी डाल दें।
चौथा स्टेप- कुछ देर के लिए इसे और पकाएं और अब जो 2 टुकड़े पाइनएप्पल बचाए हैं उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर डाल दें। चटनी को चटपटा फ्लेवर देने के लिए इसमें 1 छोटी चम्मच नींबू का रस और थोड़ी कुटी लाल मिर्च या काली मिर्च डालें। 5 मिनट के लिए चटनी को और पकाएं।
पांचवां स्टेप- पाइनएप्पल चटनी बनकर रेडी है। आप चाहें तो इसमें थोड़े अनार के दाने भी डाल सकते हैं। लंबे समय तक स्टोर करना है तो अनार के दाने न डालें। ठंडा करके आप इस चटनी को खाने के साथ सर्व करें। एयर टाइट बॉक्स में इसे 15 दिन तक रखकर खा सकते हैं।
Latest Lifestyle News