पोहा का नाम सुनते ही हमारे दिमाग में सबसे पहले कांदा पोहा की तस्वीर छप जाती है। लेकिन रोज़-रोज़ एक ही तरह का कांदा पोहा खाकर लोग बोर हो जाते हैं लेकिन पोहा पसंद बहुत लोगों को होता है, ऐसे में लोग इसे और बेहतर बनाने की कोशिश करते हैं। कुछ पोहे की नई वाराइटी भी ट्राय करना चाहते हैं। अगर आप भी पोहे को एक नया ट्विस्ट देना चाहते हैं तो मसाला पोहा बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। यह रेसिपी न सिर्फ बनाने में बेहद आसान है, बल्कि इसका चटपटा और मसालेदार स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को बहुत पसंद आएगा। यहां हम आपके लिए मसाला पोहा की रेसिपी लेकर आए हैं।
सामग्री
- पोहा (चिवड़ा): 2 कप
- प्याज़: 1 मीडियम साइज का (बारीक कटा हुआ)
- टमाटर: 1 मीडियम साइज का (बारीक कटा हुआ)
- हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई)
- मूंगफली के दाने: 2-3 बड़े चम्मच
- उबला हुआ आलू: 1 (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
- राई (सरसों के दाने): 1 छोटी चम्मच
- करी पत्ता: 10-12 ताज़ा पत्ते
- हल्दी पाउडर: आधी छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर: आधी छोटी चम्मच
- गरम मसाला या पाव भाजी मसाला: आधा छोटी चम्मच
- नींबू का रस: 1 बड़ा चम्मच
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- तेल या घी: 2 बड़े चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
मसाला पोहा बनाने का तरीका
स्टेप 1
सबसे पहले पोहे को एक छ्न्नी या बड़े बर्तन में लें और पानी से अच्छी तरह धो लें। ध्यान रखें कि पोहे को पानी में ज्यादा देर भिगोकर नहीं रखना है, वरना यह बहुत ज्यादा गल जाएगा। पानी अच्छी तरह निकालने के बाद पोहे में चुटकी भर हल्दी और हल्का सा नमक मिलाकर 5 मिनट के लिए अलग रख दें, ताकि यह खिला-खिला और नरम रहे।
स्टेप 2
अब एक कड़ाही में मध्यम आंच पर तेल या घी गर्म करें। सबसे पहले इसमें मूंगफली के दाने डालकर सुनहरा होने तक भून लें और निकालकर अलग रख लें। अब उसी बचे हुए तेल में राई और करी पत्ता डालें। जब राई चटकने लगे, तब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और कटा हुआ प्याज़ डालें।
स्टेप 3
प्याज़ को हल्का गुलाबी होने तक भूनें। इसके बाद इसमें कटे हुए टमाटर और उबले हुए आलू के टुकड़े डालें। जब टमाटर गल जाए तब इसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला या पाव भाजी मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं। मसालों से तेल अलग होने तक इसे भूनें।
स्टेप 4
अब पोहा कड़ाही में डालें। साथ ही भुनी हुई मूंगफली के दाने और स्वादानुसार नमक भी मिला दें। सभी चीजों को हल्के हाथों से अच्छी तरह मिलाएं ताकि मसाले पोहे में अच्छी तरह कोट हो जाएं। कड़ाही को 2 मिनट के लिए ढककर धीमी आंच पर रख दें, ताकि भाप में पोहा अच्छी तरह गर्म हो जाए।
स्टेप 5
अब गैस बंद कर दें और ऊपर से नींबू का रस छिड़ककर अच्छी तरह मिला लें। अंत में बारीक कटे हुए हरे धनिए से गार्निश करें। फिर इसे सर्व करें, ऊपर से भुजिया भी डालें। चाय के साथ इसका आनंद लें।
Latest Lifestyle News