1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. हफ्ते में 2-3 बार बनाकर खाएं ये नाश्ता, वजन घटाने में है असरदार, बनाना है बेहद आसान

हफ्ते में 2-3 बार बनाकर खाएं ये नाश्ता, वजन घटाने में है असरदार, बनाना है बेहद आसान

नाश्ते में ओट्स खाने से शरीर स्वस्थ और वजन कम होता है। लेकिन अगर आपको ओट्स खाना पसद नहीं है तो इससे टेस्टी, क्रंची और हेल्दी ग्रेनोला बनाकर खा सकते हैं। हफ्ते में 2-3 गिन ग्रेनोला नाश्ते में खाने से आपको फुल ऑफ एनर्जी मिलेगी और वजन भी कम रहेगा। नोट कर लें ग्रेनोला बनाने की रेसिपी।

ग्रेनोला रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV ग्रेनोला रेसिपी

अगर आपको भी मीठा खाना पसंद है, लेकिन आप अपनी डाइट का भी ध्यान रखना चाहते हैं, तो होममेड ग्रेनोला एक अच्छा विकल्प हो सकता है। ओट्स, ड्राई फ्रूट्स, सीड्स, केले और शहद से बना यह ग्रेनोला स्वाद में क्रंची और खाने में बेहद टेस्टी लगता है। इसे आप नाश्ते में गर्म दूध या दही के साथ खा सकते हैं। बच्चों के टिफिन में भी इसे शामिल किया जा सकता है। घर पर ग्रेनोला बनाने का एक फायदा यह है कि आप अपनी पसंद के अनुसार इसमें सामग्री डाल सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर ओट्स से हेल्दी ग्रेनोला बनाने की आसान रेसिपी।

होममेड ग्रेनोला बनाने के लिए सामग्री

  • पके हुए केले – 2
  • ओट्स – 1 कप
  • बादाम – 1/3 कप
  • काजू – 1/3 कप
  • अखरोट – 1/3 कप
  • पंपकिन सीड्स – 1/4 कप
  • सनफ्लावर सीड्स – 1/4 कप
  • फ्लैक्स सीड्स – 2 बड़े चम्मच
  • सफेद तिल – 1 बड़ा चम्मच
  • शहद – 1/3 कप
  • देसी घी – 2 बड़े चम्मच
  • आप अपनी पसंद और उपलब्धता के अनुसार सीड्स और ड्राई फ्रूट्स की मात्रा कम-ज्यादा कर सकते हैं।

ग्रेनोला बनाने की रेसिपी

स्टेप 1-  केले को मैश करें- सबसे पहले दो पके हुए केले लें और उन्हें एक बड़े बाउल में अच्छी तरह मैश कर लें। केले ग्रेनोला में प्राकृतिक मिठास और स्वाद जोड़ते हैं।

स्टेप 2- ओट्स को भून लें- अब एक पैन में एक कप ओट्स डालकर धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक ड्राई रोस्ट करें। जब ओट्स से हल्की भुनी हुई खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें। भुने हुए ओट्स को मैश किए हुए केले वाले बाउल में डाल दें।

स्टेप 3- ड्राई फ्रूट्स और सीड्स तैयार करें- बादाम, काजू और अखरोट को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इसके बाद एक पैन में इन्हें हल्का भूनें। अब इसमें पंपकिन सीड्स, सनफ्लावर सीड्स, फ्लैक्स सीड्स और सफेद तिल डालें। सभी चीजों को धीमी आंच पर हल्का भून लें। आप चाहें तो अपनी पसंद के दूसरे सीड्स भी इसमें शामिल कर सकते हैं। तैयार मिश्रण को केले और ओट्स वाले बाउल में डालकर अच्छी तरह मिला लें।

स्टेप 4- शहद और देसी घी मिलाएं- अब इस मिश्रण में एक-तिहाई कप शहद और दो बड़े चम्मच देसी घी डालें। सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाएं, ताकि शहद और घी पूरे मिश्रण पर समान रूप से लग जाएं।

स्टेप 5- ओवन में बेक करें- ओवन को 180 डिग्री सेल्सियस पर लगभग 10 मिनट के लिए प्रीहीट करें। अब एक बेकिंग ट्रे पर बटर पेपर लगाकर हल्का ग्रीस करें। तैयार मिश्रण को ट्रे में डालकर पतली और समान परत में फैला दें। इसे 180 डिग्री सेल्सियस पर लगभग 25-35 मिनट तक बेक करें। 10-15 मिनट बाद मिश्रण को सावधानी से चलाएं और बेकिंग के दौरान जरूरत के अनुसार दोबारा चलाते रहें, ताकि यह समान रूप से पक सके। ग्रेनोला सुनहरा और कुरकुरा होने लगे, तो इसे बाहर निकाल लें। ओवन के हिसाब से बेकिंग का समय थोड़ा अलग हो सकता है।

स्टेप 6- बिना ओवन के कैसे बनाएं- अगर आपके पास ओवन नहीं है, तो आप इसे भारी तले वाले पैन में भी बना सकते हैं। मिश्रण को पैन में डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं, ताकि यह नीचे से जले नहीं। ध्यान रखें कि केले और शहद वाला मिश्रण जल्दी नमी छोड़ सकता है, इसलिए इसे अच्छी तरह पकाना और कुरकुरा करना जरूरी है।

ग्रेनोला तैयार होने के बाद इसे पूरी तरह ठंडा होने दें। ठंडा होने पर यह और कुरकुरा हो जाता है। अब इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। आप चाहें तो बड़े क्रंची क्लस्टर्स भी रख सकते हैं। इसे पूरी तरह सूखे, साफ और एयरटाइट कंटेनर में रखें। घर पर बने इस ग्रेनोला में ताजे केले होने के कारण इसकी शेल्फ लाइफ नमी और स्टोरेज पर निर्भर करेगी। इसलिए इसे एक महीने तक सुरक्षित रहने वाला मानकर न चलें। बेहतर है कि इसे कम मात्रा में बनाएं और किसी भी तरह की नमी, फफूंदी या खराब गंध दिखने पर इस्तेमाल न करें।

होममेड ग्रेनोला खाने के 3 आसान तरीके

गर्म दूध के साथ- एक कटोरी दूध में ग्रेनोला डालकर स्वादिष्ट नाश्ते का आनंद लें।

दही के साथ- सादे दही में ग्रेनोला और अपनी पसंद के ताजे फल मिलाकर खाएं।

स्नैक के रूप में- मीठा खाने की इच्छा होने पर थोड़ी मात्रा में इसे स्नैक की तरह खा सकते हैं।

 

Latest Lifestyle News