1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. बारिश में चाय के साथ खाएं कद्दू के फूलों के पकौड़े, मजा हो जाएगा दोगुना, यहां से सेव कर लें रेसिपी

बारिश में चाय के साथ खाएं कद्दू के फूलों के पकौड़े, मजा हो जाएगा दोगुना, यहां से सेव कर लें रेसिपी

बारिश के मौसम में पकौड़े खाने का मन हर किसी का करता है। आपने आलू प्याज के पकौड़े तो खूब खाए होंगे लेकिन क्या कभी आपने कद्दू के फूलों के पकौड़े ट्राय किया है। अगर नहीं तो यहां से रेसिपी नोट कर ट्राय करें।

बारिश में चाय के साथ खाएं कद्दू के फूलों के पकौड़े, मजा हो जाएगा दोगुना, यहां से सेव कर लें रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : PKFOODIES COOKING SHOW/YOUTUBE बारिश में चाय के साथ खाएं कद्दू के फूलों के पकौड़े, मजा हो जाएगा दोगुना, यहां से सेव कर लें रेसिपी

बारिश के सुहाने मौसम में जब बाहर बूंदें गिर रही हों, तो गरमा-गरम चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने का मज़ा ही अलग होता है। कई लोग इस मौसम में आलू या प्याज के पकौड़े बनाते हैं, लेकिन हर बार एक ही तरह के पकौड़े लोगों को पसंद नहीं आते। अगर आप आलू प्याज के पकौड़े खाकर बोर हो चुके हैं तो इस बार बनाएं कद्दू के फूलों के पकौड़े। यह अनोखी रेसिपी स्वाद में जितनी बेमिसाल है, बनाने में उतनी ही आसान। यहां से नोट कर लें इसकी रेसिपी। 

सामग्री

  • कद्दू के फूल: 10-12 (ताजे)
  • बेसन: 1 कप
  • चावल का आटा: 2-3 चम्मच (कुरकुरेपन के लिए)
  • अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
  • हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई)
  • मसाले: आधा छोटा चम्मच हल्दी, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच अजवाइन, एक चुटकी हींग
  • अमचूर पाउडर या नींबू का रस: आधा चम्मच
  • नमक: स्वादानुसार
  • हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
  • तेल: तलने के लिए

बनाने की आसान विधि
स्टेप 1: सबसे पहले कद्दू के फूलों को धो लें। फूल के पिछले हिस्से यानी डंठल और अंदर के हरे भाग को हल्के हाथ से काटकर निकाल दें। इन्हें सूती कपड़े पर रखकर सुखा लें।

स्टेप 2: एक बड़े कटोरे में बेसन और चावल का आटा मिलाएं। अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च, अजवाइन, हींग, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च, अमचूर पाउडर और नमक डालें।

स्टेप 3: थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए एक गाढ़ा घोल तैयार करें। घोल न ज्यादा पतला हो और न बहुत गाढ़ा, ताकि यह फूल पर अच्छी तरह लिपट सके। अंत में हरा धनिया मिलाएं।

स्टेप 4: कढ़ाई में तेल गरम करें। तेल मध्यम-तेज आंच पर गरम होना चाहिए। अब एक-एक कद्दू के फूल को तैयार बेसन के घोल में अच्छी तरह डुबोएं और गरम तेल में डालते जाएं।

स्टेप 5: पकौड़ों को धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें।

स्टेप 6: तले हुए पकौड़ों को टिश्यू पेपर पर निकाल लें ताकि इसका एक्सट्रा ऑयल निकल जाए। अब ऊपर से थोड़ा सा चाट मसाला छिड़कें। इन्हें हरी पुदीने की चटनी, तीखी शेज़वान सॉस या टोमैटो केचप और एक कप कड़क अदरक वाली चाय के साथ सर्व करें। 

Latest Lifestyle News