बाजार में मिलने वाला मिलावटी घी खरीदने से बेहतर है कि आप घर पर ही घी निकाल लें। मिलावटी घी का सेवन करने से आपकी सेहत बुरी तरह से प्रभावित हो सकती है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मलाई से आसानी से घर बैठे घी निकाला जा सकता है। आज हम आपको एक ऐसे तरीके के बारे में बताएंगे, जिसकी मदद से आप कम मलाई से ज्यादा घी निकाल पाएंगे। आइए स्टेप बाई स्टेप घी निकालने के बेहद आसान तरीके के बारे में जानते हैं।
फॉलो करें प्रोसीजर- रोज बॉइल्ड दूध की मलाई को एक साफ डिब्बे में इकट्ठा करते रहिए। इस डिब्बे को फ्रिज में स्टोर करके रखिए। हफ्ते भर के अंदर घी निकालने के लिए मलाई जमा हो जाएगी। आपको इस मलाई में 1-2 स्पून दही मिलाना है और फिर रात भर के लिए मलाई को बाहर रख देना है। इस मलाई को मथनी से अच्छी तरह से मथ लीजिए। आप इस मलाई में ठंडा पानी मिला सकते हैं।
बेहद आसान तरीका- ठंडा पानी मिलाने से महज कुछ ही मिनटों में सफेद मक्खन तैरता हुआ नजर आने लगेगा। मक्खन को अलग बर्तन में निकालकर रख लीजिए। एक कढ़ाई में इस मक्खन को डालिए और धीमी आंच पर इसे गर्म होने दीजिए। मक्खन को पिघलने दीजिए। धीरे-धीरे मक्खन सुनहरा होता जाएगा और घी बन जाएगा। जब घी से खुशबू आने लगे, नीचे मावा दिखने लगे, तब आप गैस बंद कर सकते हैं।
गौर करने वाली बात- अगर आप कम मलाई से ज्यादा घी निकालना चाहते हैं, तो आपको फुल क्रीम दूध की मलाई का इस्तेमाल करना चाहिए। मलाई को मंथने से पहले इसे रूम टेंपरेचर पर लाना जरूरी है। धीमी आंच पर ही घी को पकाएं। इस तरह की छोटी-छोटी टिप्स को फॉलो करने से न केवल घी की मात्रा बढ़ेगी बल्कि इसका स्वाद भी बेहतर होगा।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
Latest Lifestyle News