1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. मिल्क पाउडर से बनाएं गुलाब जामुन, मिलावटी मावा से कहीं ज्यादा टेस्टी, रेसिपी है बेहद आसान

मिल्क पाउडर से बनाएं गुलाब जामुन, मिलावटी मावा से कहीं ज्यादा टेस्टी, रेसिपी है बेहद आसान

दिवाली पर बाजार में मिलने वाली मिलावटी मिठाई खाने से बेहतर होगा कि घर में मिल्क पाउडर से टेस्टी गुलाब जामुन बनाकर खाएं। मिल्क पाउडर से बने गुलाब जामुन बहुत सॉफ्ट बनते हैं और मुंह में जाते ही घुल जाते हैं। त्योहार की मिठास बढ़ाने के लिए जरूर ट्राई करें।

मिल्क पाउडर से गुलाब जामुन- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मिल्क पाउडर से गुलाब जामुन

गुलाब जामुन का नाम सुनते ही मुंह में पानी आने लगता है। चाशनी में डूबे रसगुल्ले की मिठास बच्चों और बड़ों सभी को पसंद आती है। त्योहार हो या घर में कोई खास मौका, गुलाब जामुन खाना हर किसी को पसंद होता है। अगर आप भी घर पर बाजार जैसे मुलायम और रस से भरे गुलाब जामुन बनाना चाहते हैं, तो मावा खरीदने की जरूरत नहीं है। आप मिल्क पाउडर से ही स्वादिष्ट गुलाब जामुन तैयार कर सकते हैं।

इन्हें बनाने के लिए मिल्क पाउडर, मैदा, ताजा मलाई और कुछ बेसिक चीजों की जरूरत होगी। वहीं, इलायची वाली चाशनी और तलने का सही तरीका गुलाब जामुन का स्वाद बढ़ा देगा। आइए जानते हैं बिना मावा मिल्क पाउडर से गुलाब जामुन बनाने की आसान रेसिपी।

गुलाब जामुन की चाशनी बनाने का तरीका

सबसे पहले एक पैन में 2 कप पानी और 2 कप चीनी डालें। अब इसमें 3 इलायची पीसकर मिला दें। मीडियम आंच पर चीनी को पानी में अच्छी तरह घुलने दें और लगातार चलाते हुए चाशनी तैयार करें। जब चाशनी हल्की चिपचिपी होने लगे, तो गैस बंद कर दें। चाशनी को ज्यादा गाढ़ा न होने दें। इसमें आधा चम्मच नींबू का रस भी मिला सकते हैं।

गुलाब जामुन बनाने के लिए सामग्री

  • मिल्क पाउडर- 1 कप
  • मैदा- आधा कप
  • ताजा मलाई- आधा कप
  • बेकिंग पाउडर- 3/4 चम्मच
  • दूध- जरूरत के अनुसार
  • घी या तेल- तलने के लिए

मिल्क पाउडर से गुलाब जामुन बनाने की विधि

1- सबसे पहले तैयार करें डो

एक बड़े बर्तन में मैदा और मिल्क पाउडर को अच्छी तरह छान लें। अब इसमें बेकिंग पाउडर डालकर सभी चीजों को मिला लें। इसके बाद ताजी मलाई को अच्छी तरह फेंटकर मिश्रण में डालें। अब थोड़ा-थोड़ा दूध मिलाते हुए नरम डो तैयार करें। ध्यान रखें कि डो बहुत सख्त न हो।

2- गोल और चिकने गुलाब जामुन बनाएं

तैयार डो से छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें। हथेलियों पर हल्का घी लगाकर हर लोई को अच्छी तरह गोल करें। गुलाब जामुन बनाते समय ध्यान रखें कि उनमें कोई दरार या क्रैक न रहे। सभी गुलाब जामुन इसी तरह तैयार कर लें।

3- धीमी आंच पर तलें गुलाब जामुन

अब कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। तेल का तापमान बहुत ज्यादा नहीं होना चाहिए। आंच मध्यम से धीमी रखें और एक बार में कुछ गुलाब जामुन डालें। इन्हें धीरे-धीरे तलें और बीच-बीच में तेल को हल्का चलाते रहें, ताकि गुलाब जामुन चारों तरफ से समान रूप से सिकें। जब इनका रंग सुनहरा भूरा हो जाए, तो इन्हें निकाल लें।

4- चाशनी में डालकर करें तैयार

अब गर्मागर्म तले हुए गुलाब जामुन को तैयार चाशनी में डाल दें। इन्हें कम से कम 30 मिनट तक चाशनी में रहने दें, ताकि अंदर तक मिठास और रस भर जाए। इसके बाद आपके मुलायम और रसीले गुलाब जामुन खाने के लिए तैयार हैं।

ऐसे सर्व करें घर के बने गुलाब जामुन

तैयार गुलाब जामुन को गर्मागर्म या हल्का ठंडा करके सर्व कर सकते हैं। ऊपर से थोड़ा पिस्ता या बादाम काटकर डालने से इनका स्वाद और लुक दोनों बढ़ जाएंगे। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को ये मिठाई पसंद आएगी। इस रेसिपी में मावा इस्तेमाल नहीं होता, इसलिए जब भी घर में मिठाई खाने का मन हो, आप मिल्क पाउडर की मदद से आसानी से गुलाब जामुन बना सकते हैं।

Latest Lifestyle News