इडली साउथ इंडिया की सबसे पसंदीदा डिशेज में से एक है। आम तौर पर लोग उड़द दाल से बनी इडली खाना पसंद करते हैं। लेकिन क्या आपने कभी ओट्स और पालक इडली ट्राय की है। ये न केवल स्वाद में बेहतरीन होती है, बल्कि वजन कंट्रोल करने और शरीर को भरपूर पोषण देने में भी मददगार है। ओट्स का फाइबर और पालक का आयरन मिलकर इसे एक सुपरफूड बना देते हैं। ऐसे में यहां हम आपके लिए ओट्स और पालक इडली की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। यहां से नोट करें रेसिपी।
सामग्री
- ओट्स: 1 कप (हल्का भूनकर पीसा हुआ)
- ताज़ा पालक: 1 कप (बारीक कटी या प्यूरी)
- सूजी (रवा): ½ कप
- दही: ½ कप (हल्का खट्टा)
- पानी: आवश्यकतानुसार
- राई और कढ़ी पत्ता: 1 छोटा चम्मच (तड़के के लिए)
- हरी मिर्च और अदरक: 1 बड़ा चम्मच (बारीक कटा या पेस्ट)
- ईनो या बेकिंग सोडा: ½ छोटा चम्मच
- तेल/घी: 1 बड़ा चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
बनाने का तरीका
स्टेप 1
सबसे पहले एक कढ़ाई में ओट्स को धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक ड्राई रोस्ट करें। ठंडा होने पर इसे मिक्सर में पीसकर पाउडर बना लें। इसी तरह सूजी को भी हल्का सा सेक लें ताकि इडली का बैटर चिपचिपा न बने।
स्टेप 2
एक बड़े बर्तन में ओट्स का पाउडर, सूजी, कटी हुई पालक या पालक प्यूरी, हरी मिर्च, अदरक और स्वादानुसार नमक मिलाएं। अब इसमें दही डालें और अच्छी तरह फेंटें। थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए इडली जैसा गाढ़ा घोल तैयार कर लें। इस घोल को 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी और ओट्स पानी सोख लें।
स्टेप 3
एक छोटी कढ़ाई में थोड़ा तेल गरम करें। इसमें राई और कढ़ी पत्ता डालकर तड़काएं। इस तड़के को बैटर में मिलाकर अच्छी तरह चलाएं। इससे इडली में साउथ इंडियन फ्लेवर आ जाता है।
स्टेप 4
इडली मेकर या स्टीमर में पानी डालकर गरम होने रखें। इडली स्टैंड के सांचों को थोड़े से तेल या घी से ग्रीस करें। बैटर में ईनो या बेकिंग सोडा डालें और ऊपर से एक चम्मच पानी डालकर हल्के हाथों से एक ही दिशा में मिलाएं। बैटर तुरंत फूलने लगेगा।
स्टेप 5
अब तैयार बैटर को इडली के सांचों में भरें और स्टीमर में रखकर मध्यम से तेज आंच पर 10-12 मिनट तक पकाएं। चाकू या टूथपिक डालकर चेक करें यदि वह आसानी से बाहर आ जाए, तो इडली पक चुकी है।
Latest Lifestyle News