अक्सर पेरेंट्स इस बात को लेकर परेशान रहते हैं कि बच्चों को टिफिन बॉक्स में क्या दिया जाए जो स्वादिष्ट भी हो और हेल्दी भी। ऐसे में लोग पोहा, उपमा, दलिया जैसी चीजों बच्चों को लंच में देते हैं। लेकिन स्टफ्ड वेज इडली बच्चों के टिफिन के लिए एक बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। ये खाने में स्वादिष्ट और बनाने में आसान है। अक्सर बच्चे सादी इडली खाने में नखरे करते हैं, लेकिन जब इसके अंदर आलू और सब्जियों की चटपटी स्टफिंग हो, तो वे पूरा टिफिन मिनटों में साफ कर देंगे। यहां हम आपके लिए स्टफ्ड इडली की रेसिपी लेकर आए हैं।
सामग्री
इडली के घोल के लिए
- सूजी (रवा): 1 कप
- दही: ½ कप
- पानी: आवश्यकतानुसार
- ईनो या बेकिंग सोडा: ½ छोटा चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
चटपटी स्टफिंग के लिए
- उबले आलू: 2 (मैश किए हुए)
- बारीक कटी सब्जियां: ¼ कप (गाजर, मटर, शिमला मिर्च)
- राई व करी पत्ता: 1 छोटा चम्मच
- हल्दी व लाल मिर्च पाउडर: ¼ छोटा चम्मच
- अमचूर पाउडर या नींबू का रस: ½ छोटा चम्मच
- तेल: 1 बड़ा चम्मच
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
बनाने का तरीका
स्टेप 1
एक बाउल में सूजी, दही और स्वादानुसार नमक मिलाएं। थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा घोल बना लें। इसे 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए।
स्टेप 2
पैन में 1 चम्मच तेल गरम करें। इसमें राई और करी पत्ता तड़काएं। अब बारीक कटी गाजर, शिमला मिर्च और मटर डालकर 2 मिनट तक भूनें। इसके बाद मैश किए आलू, हल्दी, लाल मिर्च, अमचूर पाउडर और नमक मिलाएं। सब कुछ अच्छी तरह मिलाकर 2 मिनट पकाएं और ऊपर से हरा धनिया डालें। मिश्रण ठंडा होने पर इसकी छोटी-छोटी, चपटी टिक्कियां बना लें।
स्टेप 3
इडली मेकर या कटोरियों में थोड़ा सा तेल लगाकर चिकना कर लें। सूजी के बैटर में ईनो मिलाएं और हल्का सा चलाएं। इडली के सांचे में पहले 1 बड़ा चम्मच बैटर डालें। इसके ऊपर आलू की तैयार स्टफिंग रखें और फिर ऊपर से बैटर की एक और परत डालकर टिक्की को पूरी तरह ढक दें। इडली स्टैंड को स्टीमर में रखें और मध्यम आंच पर 10-12 मिनट तक भाप में पकाएं।
स्टेप 4
15 मिनट बाद इसे निकालें और फिर इसे बच्चों के टिफिन में पैक करें। इसका स्वाद बच्चों को खूब पसंद आएगा।
Latest Lifestyle News