A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. मास्टर ग्रेवी की रेसिपी, 50 से ज्यादा सब्जी इसी ग्रेवी से बना सकते हैं, होटल वाले बनाकर रखते हैं

मास्टर ग्रेवी की रेसिपी, 50 से ज्यादा सब्जी इसी ग्रेवी से बना सकते हैं, होटल वाले बनाकर रखते हैं

Hotel Style Master Gravy Recipe: अगर आपको सब्जी बनाना झंझट का काम लगता है तो पूरे एक हफ्ते के लिए मास्टर ग्रेवी बनाकर रख लें। इससे मिनटों में आप कोई भी अपनी पसंदीदा सब्जी बनाकर खा सकते हैं। इस ग्रेवी से आप 50 से ज्यादा सब्जियां तैयार कर सकते हैं।

होटल जैसी ग्रेवी की रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV होटल जैसी ग्रेवी की रेसिपी

होटल और रेस्टोरेंट्स में खाना ऑर्डर करते ही कैसे मिनटों में बनकर आ जाता है। जबकि घर में वही सब्जी बनाने में घंटों लग जाते हैं। इसका बड़ा सीक्रेट है मास्टर ग्रेवी, जी हां होटल में शेफ मास्टर ग्रेवी बनाकर तैयार रखते हैं। आपके ऑर्डर करते ही उस ग्रेवी में कोई भी पसंदीदा सब्जी बनाकर सर्व कर देते हैं। आप चाहें तो अपनी कुकिंग को आसान बनाने के लिए ये मास्टर ग्रेवी बनाकर तैयार कर सकते हैं। फ्रिज में अच्छी तरह स्टोर करने पर ये ग्रेवी 7-10 दिन तक खराब नहीं होगी। आप अपनी कोई भी पसंदीदा सब्जी इस ग्रेवी से बना सकते हैं। फटाफट नोट कर लें मास्टर ग्रेवी की ये रेसिपी।

होटल जैसी मास्टर ग्रेवी की रेसिपी

पहला स्टेप- इस ग्रेवी को बनाने के लिए एक कड़ाही में आधा कप से ज्यादा तेल लें और उसे गर्म कर लें। अब तेल में 4-5 बड़े स्लाइस में कटे हुए प्याज डालें, इसमें 2 चम्मच साबुत धनिया, 2 चम्मच जीरा डालें। अब प्याज को हल्का सा भून लें और जब हल्का गुलाबी रंग आ जाए तो इसमें काजू डालने हैं। आप करीब 15-20 काजू डालें और इन्हें भी प्याज के साथ हल्का भून लें। 

दूसरा स्टेप- अब इसमें मोटे कटे हुए 4-5 टमाटर डाल दें और ऊपर से थोड़ा नमक मिला दें। इसे धीमी आंच पर 10 मिनट के लिए और पकाएं और जब लगे कि टमाटर गल गए हैं तो इसमें हरे धनिए के डंठल और 2 हरी मिर्च डाल दें। गैस बंद कर दें और इसे हल्का ठंडा होने दें। एक बाउल में 2 चम्मच लहसुन अदरक का पेस्ट, 1 चम्मच हल्दी पाउडर, 2-3 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 2-3 चम्मच धनिया पाउडर, जीरा पाउडर और पानी डालकर घोल बना लें।

तीसरा स्टेप- ग्रेवी को ठंडा होने पर पीस लें और अब एक पैन में 4 बड़े चम्मच तेल डालें। इसमें तेज पत्ता, 1 टुकड़ा दालचीनी, 4 लौंग, 3-4 हरी इलायची, 1 बड़ी इलायची और 4 काली मिर्च डाल दें। अब इसमें तैयार किया हुआ अदरक लहसुन वाला घोल डाल दें। मसाला जब भुन जाए और तेल छोड़ने लगे तो इसमें पिसी हुई ग्रेवी को मिला दें। गैस की मीडियम फ्लेम पर इसे ढककर 15-20 मिनट और पकाएं। अब तेल छोड़ने तक इसे और पकाएं।

चौथा स्टेप- जब मसाला ठंडा हो जाए तो इसे किसी साफ बाउल में ढककर रख दें। इसे किसी रैपिंग पैपर से कवर कर दें और जब सब्जी बनानी हो तो इसमें से ग्रेवी निकालकर इस्तेमाल कर लें। इस ग्रेवी से आप मटर पनीर, कड़ाही पनीर, मलाई कोफ्ता जैसी कई सब्जियां बनाकर खा सकते हैं। बस कोई भी सब्जी को इस मसाले में मिला दें तो स्वाद आ जाएगा।

  

Latest Lifestyle News