1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. सब्जी से जी भर जाए तो बनाकर खाएं आलू का रायता, इतना टेस्टी कि खाते ही जाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

सब्जी से जी भर जाए तो बनाकर खाएं आलू का रायता, इतना टेस्टी कि खाते ही जाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

Aloo Ka Raita Recipe: अगर आपको सब्जी के साथ रायता पसंद है या कभी सब्जी खाने का मन न करे तो आलू का रायता बनाकर रोटी के साथ खा सकते हैं। ये बहुत टेस्टी और आसानी से बन जाता है। फटाफट नोट कर लें आलू के रायते की रेसिपी।

आलू का रायता कैसे बनाएं- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV आलू का रायता कैसे बनाएं

गर्मी आते ही कुछ ठंडा और लिक्विड खाने का मन करता है। इन दिनों में सब्जी के स्वाद से ज्यादातर लोगों को मन भर जाता है। अगर आप भी कुछ नया और स्वादिष्ट खाना चाहते हैं तो आलू का रायता बनाकर खा सकते हैं। आलू के रायते से आप रोटी पराठा या चावल कुछ भी खा सकते हैं। आलू का रायता खाने में बहुत टेस्टी और बनाने में आसान है। गर्मी में जब आलू की सब्जी का स्वाद कम पसंद आने लगता है तो आलू का रायता आपके लिए अच्छा विकल्प है। आइये जानते हैं आलू का रायता कैसे बनाएं। रायते में किस चीज का तड़का लगाएं।

आलू का रायता बनाने की रेसिपी

पहला स्टेप- आलू का रायता बनाने के लिए आपको दही लेनी है। दही को फेंटकर पतला कर लें। आप अपनी पसंद के हिसाब से पतला या गाढ़ा रायता बना सकते हैं। दही न हो तो इसकी जगह छाछ या मट्ठा का भी इस्तेमाल रायता बनाने के लिए किया जा सकता है। 

दूसरा स्टेप- अब आप कुकर में 2-3 आलू उबाल लें। आलू जब ठंडे हो जाएं तो उन्हें छीलकर हाथ से अच्छी तरह से मसल लें। आप चाहें तो आलू को चकला या सिल बट्टा पर पीस भी सकते हैं। अगर हरा धनिया हो तो आलू के साथ थोड़ा हरा धनिया भी पीस लें।

तीसरा स्टेप- पिसे हुआ आलू को फेंटी हुई दही में मिला दें। अच्छी तरह से घोल लें और फिर इसमें काला नमक, सफेद नमक मिला दें। रायते में थोड़ा चाट मसाला डाल दें। अब इसमें तड़का लगाएं। 

चौथा स्टेप- रायते में तड़का लगाने के लिए पैन में 1 बड़ा चम्मच सरसों का तेल गर्म करें। तेल में जीरा, मेथी के दाने, राई के दाने और हींग डालकर चटकाएं। ऊपर से थोड़ी पिसी हुई लाल मिर्च डालकर तड़का को रायते में डालकर तुरंत ढक दें।

अब इसे थोड़ी देर फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें। तैयार किए गए आलू के रायते को आप मिक्स आटे की रोटी के साथ खाएं। आप इसे चावल के साथ भी इंजॉय कर सकते हैं।

 

Latest Lifestyle News