मथुरा वृंदावन के हर गली मोहल्ले में आपको बेड़मी पूरी और आलू की सब्जी खाने को मिल जाएंगी। ज्यादातर छोटे शहरों में बेड़मी पूरी का नाश्ता मिल जाता है। अगर आप नॉर्मल पूरी सब्जी खाकर बोर हो गए हैं तो एक बार बेड़मी पूरी और आलू की सब्जी ट्राई करें। नॉर्मल गेहूं के आटे में दाल मिक्स करके बेडमी पूरी बनाई जा सकती हैं। अगर आप सिंपल तरीके से बेड़मी पूरी बनाना चाहते हैं तो हम आपके लिए एकदम सिंपल तरीका लाए हैं जिससे एकदम करारी और खस्ता बेड़मी पूरी और हलवाई जैसी आलू की सब्जी बनकर तैयार होगी। जानिए बेड़मी पूरी की रेसिपी।
बेड़मी पूरी की रेसिपी
पहला तरीका- बाजार में दाल वाली बेड़मी पूरी मिलती है। 1 कप उड़द की दाल को भिगो दें और फिर लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालकर पीस लें। इसे आटे में गूंथ लें और आटे में नमक, 2 चम्मच तेल, जीरा और थोड़ी अजवाइन डाल दें। पूरी का आटा तैयार कर लें और इससे बेड़मी पूरी सेंक लें।
दूसरा तरीका- अगर आप बिना दाल के बना रहे हैं तो 1 कप गेहूं का आटा, आधा कप बेसन, 2 बड़े चम्मच सूजी, 1 बड़ा चम्मच तेल, बरीक कटा हरा धनिया, थोड़ी कसूरी मेथी, अजवाइन और जीरा, नमक डालकर आटा गूंथ लें। अब इस आटे से बेडमी पूरी बनाकर सर्व करें।
आलू की हलवाई स्टाइल सब्जी
पहला स्टेप- आलू को उबालकर छीलकर हाथ से मसल लें। आलू को मैथ करते वक्त कुछ टुकड़े छोड़ें बाकी सारे मैश कर दें। अब कड़ाही में थोड़ा तेल डाल, जीरा और हींग डालें। बारीक कटा एक प्याज और हरी मिर्च डालें। अब सारे सूखे मसाले जिसमें हल्दी, नमक, धनिया पाउडर, लाल मिर्च, गरम मसाला तेल में डाल दें। थोड़ा पानी डालकर पकाएं और फिर मैश किए आलू मिला दें।
दूसरा स्टेप- सब्जी में अपने हिसाब से पानी डालें और मीडियम फ्लेम पर पकने दें। जब सब्जी बनकर तैयार हो जाए तो इसमें आमचूर पाउडर, काली मिर्च पाउडर डाल दें। अब बारीक कटा हरा धनिया डाल दें। तैयार है बेड़मी पूरी से खाई जाने वाली हलवाई स्टाइल वाली सब्जी। सब्जी किसी बाउल में डालें और ऊपर से बेड़मी पूरी डालकर सर्व करें।
Latest Lifestyle News