1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. बेल के शरबत में क्या-क्या पड़ता है, एक बार इस तरह बनाएं, एकदम मीठा और टेस्टी बनेगा, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

बेल के शरबत में क्या-क्या पड़ता है, एक बार इस तरह बनाएं, एकदम मीठा और टेस्टी बनेगा, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

Bel Ka Sharbat Recipe: गर्मी में शरीर को ठंडा रखने और पाचन को मजबूत बनाने के लिए बेल का शरबत पीना चाहिए। आइये जानते हैं घर में बेल का शरबत बनाने की रेसिपी और इसमें क्या-क्या पड़ता है। कैसे बनाएं बेल का मीठा शरबत?

बेल का शरबत बनाने की रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : MAGNIFIC बेल का शरबत बनाने की रेसिपी

गर्मी में आपको बेल का शरबत ठेलों पर बिकता हुआ मिल जाएगा। लू और तेज धूप से बचने के लिए बेल का शरबत एकदम परफेक्ट ड्रिंक है। बेल का शरबत पेट को ठंडा रखता है और इसके अनगिनत फायदे हैं। हालांकि कई बार बाजार में बिकने वाला शरबत उतना साफ तरीके से नहीं बनाया गया होता है, आप आसानी से घर में बेल का शरबत बना सकते हैं। बेल को वुड एप्पल या बेल फल के नाम से भी जाना जाता है, इसमें ठंडक पहुंचाने और पाचन में मदद करने वाले गुण पाए जाते हैं। आयुर्वेद में बेल के फल और पत्तों का इस्तेमाल किया जाता है। बेल का शरबत बनाने के लिए बाजार से बेल खरीदकर ले आएं। खास बात ये है कि बेल लंबे समय तक खराब नहीं होता है।

बेल का शरबत बनाने की रेसिपी

बेल का शरबत बनाने की सामग्री- पका हुआ बेल फल, ठंडा पानी और बर्फ, गुड़ या चीनी, काला नमक, भुना हुआ जीरा पाउडर, नींबू और पुदीने का पत्ते (ऑप्शनल) लेने हैं।

पहला स्टेप- सबसे पहले पके हुए बेल फलों का गूदा निकाल लें और उसे हाथ से दबाते हुए पानी में मिक्स कर लें। इससे बेल के बीज और रेशे निकल जाते हैं और पल्प को किसी छन्नी में छान लें। अगर पूरा पल्प न निकले तो एक बार फिर से इसे पानी डालकर अच्छी तरह से मैश कर लें और फिर छान लें।

दूसरा स्टेप- अब शरबत बनाने के लिए आपको इसमें भुने हुए जीरे के पाउडर के साथ चीनी और काला नमक मिलाना है। वैसे तो बेल का शरबत इसी तरह से बनाकर पीया जाता है। लेकिन आप इसमें हल्का स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा नींबू का रस और थोड़े पुदीना के पत्ते भी क्रश करके डाल सकते हैं। इससे बेल के शरबत का स्वाद और बढ़ जाएगा।

तीसरा स्टेप- आखिर में जरूरत के हिसाब से इसे पतला कर लें। शरबत में ठंडे पानी और बर्फ का इस्तेमाल कर लें। आप इसे बनाकर 4-5 दिन के लिए फ्रिज में स्टोर भी कर सकते हैं। गर्मियों में रोज ठंडा ठंडा बेल का शरबत पीने से शरीर को तुरंत एनर्जी मिलेगी और आप खुद को कहीं ज्यादा फ्रेश महसूस करेंगे। 

 

Latest Lifestyle News