A
Hindi News लाइफस्टाइल ज़ायक़ा चना दाल का चीला कैसे बनाएं, स्वाद और प्रोटीन से भरपूर है ये नाश्ता, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

चना दाल का चीला कैसे बनाएं, स्वाद और प्रोटीन से भरपूर है ये नाश्ता, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

Chana Dal Cheela Recipe: मंगूदाल का चीला तो कई बार खाया होगा, लेकिन एक बार चना दाल का चीला ट्राई करें। चना दाल का चीला खाने में बहुत टेस्टी लगता है और पोषक तत्वों के भरपूर होता है। फटाफट नोट कर लें चना दाल चीला की रेसिपी।

चना दाल चीला रेसिपी- India TV Hindi Image Source : FREEPIK चना दाल चीला रेसिपी

नाश्ता ऐसा होना चाहिए जो शरीर को दिनभर एनर्जी देता रहे। इसके लिए दाल का चीला एक अच्छा ऑप्शन है। ज्यादातर लोग घरों में बेसन और मूंगदाल का चीला बनाकर खाते हैं। अगर आप कुछ अलग बनाना चाहते हैं तो एक बार चना दाल का चीला ट्राई करें। चना दाल का चीला बेसन चीला और मूंग दाल के चीला से भी ज्यादा टेस्टी लगता है। चना दाल का चीला शरीर को दिनभर एनर्जी देगा और जरूरी पोषक तत्व भी मिल जाएंगे। चना दाल के चीला में सीजनल और पसंदीदा सब्जियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। आप चाहें तो इसमें पनीर या चीज भी कद्दूकस करके डाल सकते हैं। फटाफट नोट कर लें चना दाल चीला की रेसिपी।

चना दाल चीला की रेसिपी

सामग्री- चीला बनाने के लिए आपको 2 कप चने की दाल लेनी है। इसके अलावा बारीक कटा हरा धनिया, 1 प्याज बारीक कटा, 1 टमाटर बारीक कटा, गाजर को कद्दूकस करके मिलाएं, हरी मिर्च बारीक काट लें, आधा कप दही को फेंट लें स्वादानुसार नमक और चीला बनाने के लिए ऑयल ले लें।

पहला स्टेप- अब चाली बनाने के लिए चना दाल को 3-4 घंटे के लिए पानी में भिगो दें और फिर पानी निकालकर मिक्सी में बरीक पीस लें। दाल पीसते वक्त ही हरी मिर्च डालकर भी पीस सकते हैं। इससे चीला का स्वाद और फ्लेवर बढ़ जाएगा। दाल के पेस्ट को किसी बाउल में निकाल लें और इसमें बारीक कटा प्याज-टमाटर और गाजर जैसी सब्जियों को मिला लें। 

दूसरा स्टेप- अब बैटर में आधा कप दही मिक्स करें। अगर बैटर चीला के हिसाब से गाढ़ा लगे तो थोड़ा पानी मिला लें। चीला के लिए बैटर बहुत ज्यागा पतला या ज्यादा ही गाढ़ा न हो। अब नमक डाल दें और सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें। बैटर को 5-10 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें और तब तक चीला खाने के लिए हरे धनिए और टमाटर की चटनी तैयार कर लें।

तीसरा स्टेप- अब एक तवा या पैन लें और उसे गर्म करें। अब हल्का ऑयल लगाकर ग्रीस करें और तैयार चीला का बैटर डालकर फैला दें। चीला को आपको रोटी का आकार जितना बनाना है। चीला को मीडियम फ्लेम पर सेंक लें और फिर पलट दें। दूसरी तरफ से भी चीला को सेंक लें और जब दोनों साइड से चीला अच्छा सिक जाए तो प्लेट में निकाल लें। 

तैयार है स्वादिष्ट चना दाल का चीला, इसे आप हरी चटनी के साथ नाश्ते में गर्मागरम सर्व करें। यकीन मानिए ये चीला बहुत ही स्वादिष्ट बनता है। आप एक बार ये रेसिपी जरूर ट्राई करें। चना दाल चीला को पुदीना की चटनी से भी खा सकते हैं। बच्चों को सॉस से भी चीला खिला सकते हैं।

Latest Lifestyle News