लाजवाब है नारियल-मूंगफली की चटनी का स्वाद, नोट कर लीजिए रेसिपी, सभी बड़े चाव के साथ खाएंगे
Coconut Peanut Chutney: क्या आपने कभी घर पर नारियल-मूंगफली की चटनी बनाई है? अगर नहीं, तो आपको इसकी बेहद आसान रेसिपी को एक बार जरूर ट्राई करके देखना चाहिए।
अब आपको मूंगफली और नारियल की चटनी खाने के लिए रेस्टोरेंट में जाकर डोसा या फिर इडली ऑर्डर करने की कोई जरूरत नहीं है। आज हम आपको पोषक तत्वों से भरपूर इस चटनी की बेहद आसान रेसिपी के बारे में बताएंगे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मूंगफली और नारियल की चटनी बनाने के लिए 200 ग्राम मूंगफली, 2 चम्मच चना दाल, 50 ग्राम नारियल, 1-2 चम्मच दही, 1/2 इंच अदरक का टुकड़ा, 2-4 लहसुन की कलियां, नमक, 1 चम्मच सरसों तेल, एक छोटा चम्मच लाल सरसों के दाने, 2-3 साबुत लाल मिर्च, 1-2 साबुत हरी मिर्च, 6 करी पत्ते और पानी की जरूरत पड़ेगी।
पहला स्टेप- सबसे पहले मूंगफली को भूरा होने तक ड्राई रोस्ट कर लीजिए। इसके बाद चने की दाल को भी भून लीजिए।
दूसरा स्टेप- आपको मिक्सर में इन दोनों चीजों के साथ सभी चीजों को निकाल लेना है। सभी चीजों को अच्छी तरह से पीस लीजिए।
तीसरा स्टेप- अब एक कटोरे में इस चटनी को निकाल लीजिए। आप इस चटनी में दही को भी मिला सकते हैं, हालांकि, अगर दही का इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं, तो आप इस स्टेप को स्किप भी कर सकते हैं।
चौथा स्टेप- अब तड़के के लिए एक पैन में तेल गर्म कर लीजिए। तेल में तड़के के लिए सामग्री एड कर सब चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लीजिए।
पांचवां स्टेप- तड़के को पिसी हुई चटनी में मिला लीजिए। इससे मूंगफली और नारियल की चटनी का स्वाद कई गुना बढ़ जाएगा।
मूंगफली और नारियल की चटनी को आप डोसा और इडली के अलावा खाने की किसी भी चीज के साथ सर्व कर सकते हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को पोषक तत्वों से भरपूर इस चटनी का स्वाद काफी ज्यादा पसंद आने वाला है। इस चटनी को बनाने के लिए आपको न तो ज्यादा समय लगेगा और न ही आपको ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी।
