सुबह की चाय हो या शाम की चाय बिस्किट चाय के साथ हर किसी को पसंद आती है। बच्चे से लेकर बूढ़े तक हर किसी पहली पसंद बिस्किट होती है। लेकिन आजकल बाजार में मिलने वाली हर चीज में मिलावट हो रही है। बाजार में मिलने वाली बिस्किट को मैदे से तैयार किया जाता है। ऐसे में आप घर पर स्वाद और सेहत से भरपूर गेहूं के आटे से बिस्किट बना सकते हैं। घर पर गेहूं के आटे से बने बिस्किट न सिर्फ हेल्दी होते हैं, बल्कि इनका स्वाद और खस्तापन ऐसा होता है कि आप बाजार के बिस्किट भूल जाएंगे। इन्हें बनाना बेहद आसान है और सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको ओवन की भी जरूरत नहीं है, आप इसे कड़ाही में भी आसानी से बना सकते हैं। यहां हम आपके लिए घर पर बिस्किट बनाने की रेसिपी लेकर आए हैं। फटाफट नोट करें रेसिपी।
सामग्री
- गेहूं का आटा - 1.5 कप
- सूजी (रवा) - 2 बड़ा चम्मच
- पिसी हुई चीनी- आधा कप
- घी या बटर आधा कप
- दूध या पानी - 3-4 बड़े चम्मच
- इलायची पाउडर - आधा छोटा चम्मच
- सफेद तिल या कटे हुए बादाम - 1 बड़ा चम्मच
बनाने का तरीका
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, सूजी और इलायची पाउडर को छानकर मिला लें। अब इसमें घी डालें और हाथों से अच्छी तरह रगड़ते हुए मिलाएं। जब आटे को मुट्ठी में बांधने पर वह लड्डू की तरह बंधने लगे, तो समझें कि मोयन परफेक्ट है। इसी से बिस्किट खस्ता बनेंगे।
- अब आटे में पिसी हुई चीनी डालें। इसके बाद, चम्मच से थोड़ा-थोड़ा करके ठंडा दूध या पानी डालें और एक सख्त आटा गूंथ लें। ध्यान रहे, आटे को रोटी की तरह मुलायम नहीं करना है, बस सारी चीजों को एक साथ समेटना है।
- अब आटे को दो भागों में बांट लें। एक भाग को थोड़ा मोटा बेल लें। अब किसी कुकी कटर, छोटी कटोरी या ढक्कन की मदद से मनचाहे आकार में बिस्किट काट लें। आप चाहें तो चाकू की मदद से बिस्किट के ऊपर हल्की सी डिजाइन भी बना सकते हैं।
- एक भारी तले की कड़ाही में नमक फैलाएं और उसमें एक स्टैंड रख दें। कड़ाही को ढककर 10 मिनट के लिए मध्यम आंच पर प्री-हीट करें। इसके बाद एक प्लेट को घी से ग्रीस करें और उसमें थोड़ी-थोड़ी दूरी पर बिस्किट रख दें।
- प्लेट को कड़ाही के स्टैंड पर रखें, ढक दें और धीमी आंच पर 15-20 मिनट तक बेक होने दें। जब बिस्किट नीचे से सुनहरे हो जाएं, तो उन्हें पलटकर दूसरी तरफ से भी 5 मिनट सेक लें। इसके बाद इसे किसी एयरटाइट जार में बंद करके रखें और इसका आनंद लें।
Latest Lifestyle News