1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. खीरा की सब्जी कैसे बनाते हैं, एकदम भुना हुआ स्वाद आएगा, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

खीरा की सब्जी कैसे बनाते हैं, एकदम भुना हुआ स्वाद आएगा, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

अगर घर में सब्जी नहीं है तो खीरा से भी टेस्टी सब्जी बनाकर खा सकते हैं। इसका भुना हुआ स्वाद खाने के टेस्ट को कई गुना बढ़ा देगा। नोट कर लें खीरे की सब्जी की आसान रेसिपी।

खीरे की सब्जी रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV खीरे की सब्जी रेसिपी

खीरा को ज्यादातर लोग सलाद के रूप में ही खाते हैं, लेकिन खीरे से टेस्टी सब्जी भी बनाई जा सकती है। जी हां खीरा से एकदम भुनी हुई सब्जी बनकर तैयार होती है। गर्मी के दिनों में जब कई बार वही रोज वाली सब्जियां खाने का मन नहीं करता, तो आप खीरे की सब्जी बनाकर खा सकते हैं। शेफ कुणाल कपूर ने खीरे की एक बड़ी मजेदार सब्जी की रेसिपी शेयर की है। इसे शेफ कुणाल ने कुरकुरा, हल्का और स्वाद से भरपूर बनाया है, जो आपके खाने में नया टेस्ट देगा।

खीरे की सब्जी बनाने के लिए सामग्री

आपको इसके लिए 4 बड़े खीरा लेने हैं। आधा चम्मच नमक, 3 बड़े चम्मच सोया सॉस, 1 बड़ा चम्मच सिरका, 1 छोटा चम्मच चीनी, 2 छोटे चम्मच मिर्च के फ्लेक्स, 1/4 कप पानी, 2 बड़े चम्मच तेल, 2 छोटे चम्मच कटा हुआ अदरक, 1 बड़ा चम्मच कटा हुआ लहसुन, 1 कटी हरी मिर्च, 1 बड़ी कटी लाल शिमला मिर्च, मुट्ठी भर कटी हुई हरी प्याज, तिल के बीज लेने हैं।

खीरा की सब्जी की रेसिपी

पहला स्टेप- पहले खीरा को धो लें और लंबाई में दो हिस्सों में काट लें। अब इसे लंबाई में ही 4 टुकड़ों में काट लें। चाकू से खीरे का सफेद भाग निकाल दें। इसके बाद खीरे को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।

दूसरा स्टेप- एक बड़े बाउल में कटा खीरा, नमक डालकर खीरे को अच्छी तरह मिला लें। इसे एक तरफ रख दें और दूसरे बाउल में थोड़ी सोया सॉस, सिरका, चीनी, मिर्च के टुकड़े और पानी डालें और अच्छी तरह मिला लें।

तीसरा स्टेप- अब कटे हुए खीरे से पानी निकाल दें और एक पैन गरम होने के लिए रख दें। पैन में थोड़ा सा तेल डालें और बारीक कटा हुआ अदरक, बारीक कटा हुआ लहसुन और कटी हुई हरी मिर्च डालें और उन्हें चटकने दें।

चौथा स्टेप- इसमें कटी हुई शिमला मिर्च डालकर मिलाएं। सब्जियां भुन जाएं तो सोया सॉस, सिरका और मसालों का मिश्रण डालें। पैन को अच्छी तरह चलाएं और जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे तो इसमें कटा हुआ खीरा डालें।

पांचवां स्टेप- खीरे पर सभी मसाले अच्छी तरह से लग जाएं, इसके लिए पैन को अच्छी तरह से हिलाएं। आखिर में मुट्ठी भर बारीक कटे हुए हरे प्याज डालें। इसे एक कटोरी में परोसें और ऊपर से बारीक कटे हुए हरे प्याज और तिल छिड़कें। चावल के साथ इसका आनंद लें।

 

Latest Lifestyle News