1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. बिना तेल के दही भल्ला बनाने का सबसे आसान तरीका, रुई से मुलायम और टेस्टी, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

बिना तेल के दही भल्ला बनाने का सबसे आसान तरीका, रुई से मुलायम और टेस्टी, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

Dahi Bhalla Without Frying In Oil: अब बिना तेल के भी दही भल्ला बनाकर खा सकते हैं। ये दही भल्ले इतने टेस्टी और मुलायम बनेंगे कि मुंह में रखते ही घुल जाएं। फटाफट नोट कर लें ऑयल फ्री दही भल्ला की रेसिपी।

बिना फ्राई किए दही भल्ला बनाने की रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बिना फ्राई किए दही भल्ला बनाने की रेसिपी

चाट खाने वालों को दही भल्ला का स्वाद काफी पसंद आता है। मार्केट के दही भल्ले काफी मुलायम और टेस्टी होते हैं। लेकिन आप चाहें तो घर पर भी बाजार जैसे दही भल्ले बनाकर खा सकते हैं। अगर आपको तेल में फ्राई किए गए दही भल्ला पसंद नहीं है तो हम आपको बिना तेल के दही भल्ला बनाने की रेसिपी बता रहे हैं। इसमें एक बूंद भी तेल का इस्तेमाल नहीं होगा। आप इन्हें सिर्फ भाप में पकाकर तैयार कर सकते हैं। स्वाद इतना लाजवाब आएगा कि खाने वाले पता भी नहीं लगा पाएंगे कि आपने इन्हें फ्राई करके नहीं बनाया है।

बिना तेल के दही भल्ला कैसे बनाएं, भाप वाले दही भल्ले की रेसिपी

पहला स्टेप- दही भल्ला बनाने के लिए आपको बिना छिलका वाली आधा कप उड़द दाल और आधा कप मूंग दाल पानी में भिगोनी है। दाल को कम से कम 4-5 घंटे फूलने देना जरूरी है। अब मिक्सी में डालकर दाल को एकदम बारीक पेस्ट जैसा पीसकर तैयार कर लें। दाल को पीसते वक्त पानी कम से कम मिलाएं, जिससे दाल को फेटना आसान हो जाएगा।

दूसरा स्टेप- अब पिसी हुई दाल को चम्मच की मदद से लगातार फेटते रहें। दाल को एक ही डायरेक्शन में चम्मच को घुमाते हुए फेटकर करें। आप चाहें तो बीटर की मदद से भी दाल को फेट सकते हैं। इससे दाल जल्दी और आसानी से फेट जाती है और अच्छी तरह फूल जाती है। 

तीसरा स्टेप- दाल में नमक, जीरा, कुटी अदरक और बारीक कुटा लहसुन डाल दें। फ्लेवर के लिए थोड़ी काली मिर्च मिला दें। अब सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें और एक स्टीमर में पानी डालकर गैस पर गर्म होने के लिए रख दें। हम आपको इडली मेकर में भल्ले बनाने का तरीका बता रहा है। इडली के सांचे को थोड़ा ग्रीस कर दें। 

चौथा स्टेप- फेटी हुई दाल में आधा चम्मच ईनो और आधा चम्मच पानी डालकर मिक्स कर लें। दाल का बैटर गाढ़ा ही होना चाहिए। अब इसे इडली के सांच में डालते जाएं और इडली की तरह ही स्टीम कर लें। समय पूरा होने के बाद टूथपिक की मदद से चेक कर लें। अगर टूथपिक साफ निकल आए तो समझ लें अंदर तक भल्ले पक चुके हैं।

पांचवां स्टेप- एक बाउल में पानी गर्म पानी डालें। इसमें काला नमक और हींग डाल दें। इडली मेकर से सारे भल्ले निकालकर पानी में डाल दें। अब इन्हें गाढ़ी दही, हरी चटनी और मीठी चटनी डालकर सर्व करें। ऊपर से भुना जीरा, चाट मसाला, लाल मिर्च पाडर डालकर गार्निश कर दें।

तैयार हैं बिना तेल वाले एकदम स्पंजी और फूले हुए दही भल्ले। इनकी सिर्फ शेप अलग होती है लेकिन स्वाद में ये दही भल्ले नॉर्मल गोल दही भल्ले जैसे ही लगते हैं। वजन घटाने वाले भी ये दही भल्ला बनाकर खा सकते हैं। इसमें जरा भी तेल नहीं लगता और आपके पसंदीदा दही भल्ले बनकर तैयार हो जाते हैं।

Latest Lifestyle News