पनीर और मूंग, दोनों को ही सेहत के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। अगर आपने अभी तक पनीर मूंग का चीला नहीं चखा है, तो आपको इस रेसिपी को जरूर बनाकर देखना चाहिए। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पनीर मूंग का चीला बनाने के लिए आपको एक बड़ी कटोरी मूंग दाल छिलका, 100 ग्राम पनीर, एक छोटा प्याज, एक छोटा टमाटर, 3 हरी मिर्च, 2 अदरक के छोटे पीस, नमक स्वाद अनुसार, एक चम्मच लाल मिर्च, ताजा हरा धनिया और तेल की जरूरत पड़ेगी।
पहला स्टेप- सबसे पहले मूंग की दाल को धो लीजिए। इसके बाद आपको मूंग की दाल को लगभग 2 से 3 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रखना है।
दूसरा स्टेप- पानी के ऊपर तैर रहे छिलके को निकालकर अलग कर दीजिए। आपको मिक्सर में मूंग दाल, अदरक और हरी मिर्च को ग्राइंड कर लेना है।
तीसरा स्टेप- अब पनीर को भी अच्छी तरह से मैश कर लीजिए। टमाटर, अदरक, हरी मिर्च और प्याज को बारीक-बारीक काट लीजिए।
चौथा स्टेप- आपको मैश्ड पनीर, कटी हुई सभी चीजें और नमक को अच्छी तरह से मिला लेना है। मूंग दाल के मिश्रण में नमक और लाल मिर्च को मिक्स कर लीजिए।
पांचवां स्टेप- इसके बाद तवे को गर्म कर तेल को अच्छी तरह से फैला लीजिए। अब आपको तवे पर मूंग दाल के मिश्रण को स्प्रेड कर लेना है।
छठा स्टेप- जब एक साइड अच्छे से सिंक जाए, तब तेल लगाकर दूसरी साइड को भी सेंक लीजिए। जब तक दूसरी साइड सिंक रही है, तब तक आपको पनीर के मिश्रण को चीले पर स्प्रेड कर देना है।
सातवां स्टेप- अब आपको चीले को फोल्ड करके एक बार हल्का सा और सेंक लेना है और आपका चीला खाने के लिए तैयार है।
महज 15 से 20 मिनट के अंदर पोषक तत्वों से भरपूर पनीर मूंग का स्वादिष्ट चीला सर्व करने के लिए तैयार है। आप गर्मागर्म चाय या फिर टोमैटो केचअप या फिर हरी चटनी के साथ पनीर मूंग के चीले को सर्व कर सकते हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को पनीर मूंग के चीले का टेस्ट काफी ज्यादा पसंद आएगा।
Latest Lifestyle News