जब भी नॉर्थ इंडिया के जायकेदार खानों की बात होती है तो उसमें दाल मखनी का जिक्र होता ही है। पंजाब से निकली यह दाल आज पूरी दुनिया में मशहूर है। इसका स्वाद काफी लाजवाब होता है। ये खाने में जितना स्वादिष्ट लगता है, बनाना भी उतना ही आसान होता है। इसका मखमली टेक्सचर, स्वाद और धीमी आंच पर पकने की खुशबू इसे अलग बनाती है। अगर आप भी घर पर ढाबा स्टाइल दाल मखनी बनाना चाहते हैं तो यहां से आसान सी रेसिपी नोट कर सकते हैं।
सामग्री
- साबुत काली उड़द दाल - 1 कप
- राजमा - ¼ कप (रात भर भीगे हुए)
- मक्खन - 3-4 बड़े चम्मच
- ताजी क्रीम या मलाई - ½ कप
- टमाटर प्यूरी - 3 मध्यम टमाटर
- अदरक-लहसुन पेस्ट - 1 बड़ा चम्मच
- मसाले - कश्मीरी लाल मिर्च, कसूरी मेथी, गरम मसाला, नमक
बनाने की विधि
1. दाल उबालें
भीगी हुई दाल और राजमा को कुकर में डालें। इसमें 4-5 कप पानी, थोड़ा नमक और एक टुकड़ा मक्खन डालकर 6-7 सीटी आने तक पकाएं। दाल इतनी गल जानी चाहिए कि हाथ से दबाने पर मैश हो जाए।
2. तड़का तैयार करें
एक भारी तले वाली कढ़ाई में मक्खन गरम करें। इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कच्चापन निकलने तक भूनें। अब टमाटर प्यूरी और कश्मीरी लाल मिर्च डालें। इसे तब तक भूनें जब तक मसाला किनारों से मक्खन न छोड़ने लगे।
3. धीमी आंच पर पकाएं
उबली हुई दाल को तड़के में मिलाएं। अब इसमें थोड़ा गरम पानी डालें और कलछी के पिछले हिस्से से दाल को हल्का-हल्का घोटते रहें। इसे धीमी आंच पर कम से कम 30-40 मिनट तक पकने दें। दाल जितनी ज्यादा कढ़ेगी, स्वाद उतना ही गहरा होगा।
4. फिनिशिंग टच
जब दाल गाढ़ी और मलाईदार हो जाए, तो इसमें कसूरी मेथी और गरम मसाला डालें। अंत में फ्रेश क्रीम और ढेर सारा मक्खन डालें। अच्छी तरह मिलाएं और 2 मिनट बाद गैस बंद कर दें।
Latest Lifestyle News