A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. सर्दियों में जरूर बनाकर खाएं मेथी, गुड़ और ड्राई फ्रूट्स के लड्डू, दर्द और कमजोरी हो जाएगी गायब, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

सर्दियों में जरूर बनाकर खाएं मेथी, गुड़ और ड्राई फ्रूट्स के लड्डू, दर्द और कमजोरी हो जाएगी गायब, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

Methi Dry Fruits Laddu Recipe: सर्दियों में एक बार मेथी के लड्डू बनाकर जरूर खाएं। मेथी और ड्राई फ्रूट्स से बने ये लड्डू शरीर को गर्म रखने, ताकत देने और दर्द को दूर भगाने में असरदार काम करते हैं। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

मेथी लड्डू रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INSTA/@PLATTER_AND_PATHS मेथी लड्डू रेसिपी

ठंड में मम्मी और दादी नानी लड्डू जरूर बनाती हैं। सर्दियों में गोंद, सौंठ और ड्राई फ्रूट्स डालकर कई तरह के लड्डू बनाए जाते हैं। लेकिन इस मौसम में मेथी के लड्डू सबसे ज्यादा फायदेमंद होते हैं। मेथी के लड्डू में आप ये सारी चीजें डालकर आसानी से टेस्टी लड्डू बना सकते हैं। इस तरह मेथी के लड्डू बनाएंगे तो बिल्कुल भी कड़वे नहीं लगेंगे। सर्दियों में रोजाना सुबह या शाम दूध के साथ 1 लड्डू खाने से ही शरीर में जान आ जाएगी। इससे भरपूर ताकत मिलेगी और जोड़ों का दर्द भी गायब हो जाएगा। फटाफट नोट कर लें मेथी के लड्डू की ये आसान रेसिपी।

मेथी और ड्राई फ्रूट्स के लड्डू की रेसिपी

पहला स्टेप- लड्डू बनाने के लिए एक कढ़ाई में 4 चम्मच देसी घी डालें। इसमें 1 कटोरी गोंद डालकर अच्छी तरह से भून लें। अब इसी घी में बादाम, काजू, पिस्ता और अखरोट को डालकर हल्का फ्राई कर लें। बचे हुए घी में 1 बड़ी कटोरी मखाना डालकर भून लें। भुने हुए गोंद और सारे ड्राई फ्रूट्स को दरदरा कूट लें।

दूसरा स्टेप- अब कढ़ाई में 2 चम्मच देसी घी और डालें। इसमें कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल, खसखस, किशमिश और सौंठ डालकर हल्का भून लें। 1 कटोरी मेथी दाना को मिक्सी में डालकर बारीक पीस लें। किसी बाउल में निकाल लें और फिर दूध डालकर मेथी का पतला पेस्ट जैसा बना लें। इसे फूलने तक यानि करीब 1-2 घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें। 

तीसरा स्टेप-कढ़ाई में 4 चम्मच देसी घी डालें और उसमें भीगी हुई मेथी के पाउडर को डालकर भून लें। मेथी हल्की भुन जाए तो निकाल लें और फिर से 5-6 चम्मच घी डालकर 1 बड़ी कटोरी गेहूं का आटा भून लें। सारी चीजों को किसी बड़ी प्लेट में मिक्स कर लें। 

चौथा स्टेप-कढ़ाई में 2-3 चम्मच घी डालें और फिर इसमें 1 बड़ा बाउल भरकर गुड़ डालें। गुड़ को धीमी आंच पर पिछलने तक पकाएं और पानी न डालें। अब पिछले हुए गुड़ को आटे और मेथी वाले मिश्रण में मिला दें। सारी चीजों अच्छी तरह से मिलाएं और इसके लड्डू तैयार कर लें। स्वादिष्ट मेथी के लड्डू बनकर तैयार हैं। आप सर्दियों में ये लड्डू बनाकर जरूर खाएं।
  

 

Latest Lifestyle News