गर्मियों में आम खाने का बहाना चाहिए। आम खाने में जितना टेस्टी लगता है उससे बनी डिश भी उतनी ही स्वादिष्ट लगती हैं। आम से आइसक्रीम, मैंगो शेक और आम रस बनाकर तो कई बार खाया होगा, लेकिन आम की बर्फी शायद ही आपने कभी बनाई हो। आज हम आपको आम की बर्फी बनाने की बेहद आसान रेसिपी बता रहे हैं। जिसे आप बिना मावा के तैयार कर सकते हैं। ये आम की बर्फी इतनी मुलायम बनती हैं कि मुंह में जाते ही घुल जाएं। आप एक बार इस तरह से आम की बर्फी जरूर बनाकर खाएं।
आम की बर्फी की रेसिपी
पहला स्टेप- आम की बर्फी बनाने के लिए आपको 1 गूदा वाला आम लेना है। ध्यान रखें आम मीठा होना चाहिए, इससे मिठाई ज्यादा स्वादिष्ट बनती है। अब आम को अच्छी तरह से धो लें और उसका सारा गूदा निकाल लें। करीब 1 कप आम का गूदा लेना है और इसमें आधा कप दूध मिलाकर ग्राइंड कर लें। आपको एकदम स्मूद पेस्ट बनाकर तैयार करना है।
दूसरा स्टेप- अब आधा कप के करीब बेसन लें और उसे किसी बाउल में डाल दें। अब इसमें पिसा हुआ आम का पल्प डाल दें। आप चाहें तो बेसन की जगह गेहूं का आटा भी इस्तेमाल कर सकते हैं। हम बेसन का इस्तेमाल कर रहे हैं। अब आम को बेसन के साथ अच्छी तरह से मिक्स कर दें, जिससे कोई भी गांठ न रहे।
तीसरा स्टेप- अब 1 कप चीनी लें और इसमें हरी इलायची डालें। कड़ाही में आधा कप देसी घी डालें और गर्म होने पर बेसन और आम के घोल को इसमें डाल दें। आप इसमें थोड़ा फूड कलर भी मिला सकते हैं, जो ऑप्शनल है। अब आम के मिश्रण को लो टू मीडियम फ्लेम पर लगातार चलाते हुए भून लें।
चौथा स्टेप- आप किसी भारी तली की कड़ाही लें या नॉनस्टिक कड़ाही का इस्तेमाल करें। इससे घोल चिपकता नहीं है। थोड़ी देर भूनने के बाद इसमें 1-2 चम्मच सूजी मिला दें। अब इसे तब तक पकाएं जब तक मिश्रण अच्छी तरह से ड्राई न हो जाए। चीनी और उसमें थोड़ी हरी इलायची डालकर पीस लें। इस पाउडर को आम के मिश्रण में डालकर मिक्स कर दें।
पांचवा स्टेप- अब आपको सारी चीजों को मिलाकर करीब 4-5 मिनट के लिए और पकाना है, जब मिश्रण वापस के थोड़ा गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर दें। अब बर्फी जमाने के लिए एक प्लेट लें और उसमें थोड़ा घी लगा दें। अब तैयार आम की बर्फी का मिश्रण डालें और अच्छी तरह सेट कर दें। ऊपर से बारीक कटे पिस्ता डालें।
20-25 मिनट के लिए इसे सेट होने के लिए रख दें। अब आप बर्फी को अपनी पसंदीदा शेप में काट लें। तैयार है स्वादिष्ट आम की बर्फी, इसे घर आए मेहमानों को खिलाएं। बच्चों को आम की ये बर्फी बहुत पसंद आएगी। आपको गर्मियों में ये रेसिपी एक बार जरूर ट्राई करनी चाहिए।
Latest Lifestyle News