1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. गर्मी में जरा भी खट्टा नहीं होगा दही, इस ट्रिक से जमाएंगे को एकदम गाढ़ा थक्केदार जमेगा, फटाफट नोट कर लें

गर्मी में जरा भी खट्टा नहीं होगा दही, इस ट्रिक से जमाएंगे को एकदम गाढ़ा थक्केदार जमेगा, फटाफट नोट कर लें

Gada Dahi Kaise Jamaye: गर्मी में दही खट्टा हो जाता है, लेकिन इस ट्रिक से जमाएंगे तो एकदम गाढ़ा और मलाईदार दही जमेगा। जानिए गर्मियों में दही जमाने की आसान ट्रिक क्या है?

गर्मी में गाढ़ा दही कैसे जमाएं - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV गर्मी में गाढ़ा दही कैसे जमाएं

अक्सर घर में जमा हुआ दही या तो पतला हो जाता है या कई बार खट्टा हो जाता है। ज्यादातर लोग इस समस्या से परेशान रहते हैं कि गर्मियों में दही खट्टा जमता है। इसके लिए आपको कुछ खास टिप्स को फॉलो करना जरूरी है। गर्मियों में दही जमाने के लिए कितना जामन इस्तेमाल करना है, दूध कितना गर्म होना चाहिए, दही जमने के लिए कितने घंटे बाहर रखना है और किस तरह का बर्तन इस्तेमाल कर रहे हैं ये सभी बातें आपको जानना जरूरी है। इन बातों को ध्यान रखेंगे तभी आपका दही गाढ़ा जमेगा और बिल्कुल भी खट्टा नहीं होगा।

दही जमाने के लिए दूध कितना गर्म होना चाहिए?

गर्मियों में दही जमाने के लिए दूध सिर्फ गुनगुना होना चाहिए। बहुत ज्यादा ठंडे दूध से दही नहीं जमती। अगर दूध ज्यादा गर्म है तो ऐसी दही खट्टी हो जाती है। इसलिए दूध के तापमान का बहुत ध्यान रखें। दूध में उंगली डालें और गर्म न लगे ऐसा टेंपरेचर गर्मियों में दही जमाने के लिए बेस्ट है।

दही जमाने के लिए कैसा बर्तन इस्तेमाल करें?

गर्मियों में दही जमाने के लिए आपको खुला और चौड़ा बर्तन इस्तेमाल करना चाहिए। जिसमें दूध ज्यादा देर तक गर्म न रहे। बेस्ट होगा कि आप मिट्टी का बर्तन इस्तेमाल करें। ऐसे बर्तन में दही खट्टा नहीं जमता और दही के पानी को भी मिट्टी का बर्तन सोख लेता है।

दही जमाने के लिए कितना जामन डालें?

गर्मियों में दही जमाने के लिए बहुत कम जामन का इस्तेमाल करना है। जामन बिल्कुल भी खट्टा नहीं होना चाहिए। ताजा जामन डालें। एक बड़े बाउल दूध में आधा चम्मच या एक चम्मच जामन से ज्यादा न डालें। जामन को 3-4 जगह पर फैलाते हुए एक एक बूंद करते डालें और किसी प्लेट से बर्तन से कवर कर दें।

दही कितने समय में जमता है?

गर्मी के कारण दही जल्दी जम जाता है। तेज गर्मी वाले दिनों में 5-6 घंटे में दही जम जाता है। इससे ज्यादा समय के लिए अगर दही को बाहर रखते हैं तो खट्टा होने लगता है। इसलिए रात में दही न जमाएं। रात में लंबे समय तक बाहर रहने पर दही खट्टा हो जाता है। दिन में दही जमाएं और समय पूरा होने पर तुरंत फ्रिज में रख दें। सर्दियों में 7-8 घंटे में दही जम जाता है। 

Latest Lifestyle News