A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. बचे हुए दूध से बनाएं रबड़ी कुल्फी और बच्चों के लिए चॉकलेट कुल्फी, बिना झंझट के तैयार, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

बचे हुए दूध से बनाएं रबड़ी कुल्फी और बच्चों के लिए चॉकलेट कुल्फी, बिना झंझट के तैयार, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

Rabri Kulfi Recipe: गर्मी में स्वादिष्ट रबड़ी कुल्फी खाने को मिल जाए तो दिल और पेट दोनों को ठंडक मिल जाती है। बाजार से कुल्फी खरीदने की बजाया घर में स्वादिष्ट रबड़ी कुल्फी बनाकर खाएं। आप इसी से बच्चों को लिए चॉकलेट कुल्फी भी बना सकते हैं। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

रबड़ी कुल्फी की रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV रबड़ी कुल्फी की रेसिपी

गर्मियां आते ही बाजार में कुल्फी बेचने वालों की भीड़ दिख जाएगी। बाजारों में लोग ठंडी-ठंडी कुल्फी बेचते हुए नजर आ जाएंगे। कुल्फी आज से नहीं बल्कि 50 साल से भी ज्यादा समय से बिक रही है। बचपन में हम सभी ने कुल्फी खूब खाई है, जिसमें रबड़ी कुल्फी का स्वाद लाजवाब होता है। अगर आपका कुल्फी खाने का मन हो और घर में दूध भी ज्यादा बचा हो तो आप आसानी से रबड़ी कुल्फी बना सकते हैं। इसके लिए आपको दूध, चीनी और केसर की जरूरत होगी। आप चाहें तो इससे अलग-अलग फ्लेवर की कुल्फी भी बना सकते हैं। तो चलिए जानते हैं कुल्फी बनाने की रेसिपी।

रबड़ी कुल्फी की रेसिपी

पहला स्टेप- रबड़ी कुल्फी बनाने के लिए आपको घर में बचा हुआ दूध लेना है। अगर दूध खरीदकर कुल्फी बना रहे हैं तो 1 लीटर फुल क्रीम या भैंसा का दूध इस्तेमाल करें। गैस पर कड़ाही रखें और उसमें दूध डालकर उबाल आने तक पकाएं। अब गैस की फ्लेम मीडियम कर दें और बीच-बीच में चलाते हुए दूध को रबड़ी जितना होने तक पकाएं।

दूसरा स्टेप- जब लगे कि दूध आधा हो गया है तो उसमें चीनी और पिसी इलायची का पाउडर डाल दें। अब इसे थोड़ी देर के लिए और पकाएं। अगर आपको केसर फ्लेवर चाहिए तो 2 चम्मच दूध में केसर को पहले ही भिगो दें। अब भीगी हुई केसर को हाथ से हल्का मसल लें और रबड़ी में मिक्स कर दें।

तीसरा स्टेप- इससे कुल्फी का स्वाद भी अच्छा हो जाएगा और रंग भी हल्का पीला आएगा। अब अगर आपके बच्चे चॉकलेट कुल्फी खाने की जिद करें तो आप कोई भी चॉकलेट को पिघलाकर कुल्फी में मिक्स कर दें। बच्चों को चॉकलेटी कुल्फी का स्वाद खूब पसंद आएगा।

चौथा स्टेप- अब बाजार में बिकने वाले कुल्फी के सांचे लें और उसमें कुल्फी को भरकर फ्रीजर में स्टोर कर दें। अगर कुल्फी का सांचा नहीं है तो आप कुल्हड़ का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। कुल्हड़ में कुल्फी मिक्स डालकर ऊपर से बटर पेपर से कवर कर दें। अब किसी रबर बैंड से उसे पेपर को होल्ड कर दें। अब 7-8 घंटे में कुल्फी जमकर तैयार हो जाएगी।

Latest Lifestyle News