A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. सब्जी बनाने का मन नहीं है तो बना लें कच्चा आम की लौंजी, उंगलियां चाटते रह जाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

सब्जी बनाने का मन नहीं है तो बना लें कच्चा आम की लौंजी, उंगलियां चाटते रह जाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

Mongo Launji Recipe: क्या आप भी सब्जी खाकर बोर हो गए हैं, अगर हां तो एक बार कच्चे आम की लौंजी बनाकर खाएं। इससे रोटियां खाने में अलग ही मजा आता है। फटाफट नोट कर लें लौंजी की रेसिपी।

आम की लौंजी रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV आम की लौंजी रेसिपी

गर्मी के दिनों में सब्जी खाने का मन नहीं करता है। कई बार लगता है कि कुछ हल्का और कम तीखा, बिना तेल वाला खाना खाएं। एक जैसी सब्जियों को दोनों टाइम खा खाकर बोरियत सी होने लगती है। ऐसे में आप सब्जी की जगह लौंजी बनाकर खा सकते हैं। कच्चे आम से बहुत ही टेस्टी लौंजी बनती है। एक बार आपने लौंजी का स्वाद चख लिया तो रोज बनाकर खाएंगे। कच्चा आम सेहत के लिए भी अच्छा है। गर्मी में कच्चा आम शरीर को ठंडक देता है। अमिया यानि कच्चे आम की लौंजी बनाना बहुत आसान है। इसे खाते ही आपके सारे टेस्ट बड्स खुल जाएंगे। फटाफट नोट कर लें आम की लौंजी की रेसिपी।

कच्चे आम की लौंजी की रेसिपी

पहला स्टेप- लौंजी बनाने के लिए आप 2-3 बड़े कच्चे आम ले लें। आम को धोकर पोंछ लें और छीलकर गुठली अलग कर दें। अब आम को आलू जैसे मीडियम साइज के टुकड़ों में काट लें। लौंजी की खासियत ये है कि इसमें प्याज, लहसुन, हरी मिर्च, हरा धनिया नहीं पड़ता है। सिर्फ कच्चे आम, गुड़ और कुछ मसालों से इसे बनाया जा सकता है।

दूसरा स्टेप- गैस पर कड़ाही रखें और उसमें 2 चम्मच सरसों का तेल डाल दें। तेल गर्म होने पर जीरा नहीं बल्कि सौंफ डालें। जब सौंफ हल्की चटकने लगे तो इसमें पिसी हल्दी, धनिया पाउडर, नमक और लाल मिर्च मिला दें। अब तुरंत ही कटा हुआ कच्चा आम डालकर सारी चीजों को मिला दें।

तीसरा स्टेप- अब 2 बड़े कप पानी डाल दें और इसे सब्जी की तरह ढ़ककर पकाएं। जब आम हल्के गल जाएं तो एक निकालकर हाथ से दबाकर चेक कर लें। अब इसमें मिठास के लिए चीनी या गुड़ का इस्तेमाल करें। चीनी या गुड़ अपने हिसाब से कम ज्यादा ले सकते हैं।

चौथा स्टेप- चीनी या गुड़ जो भी इस्तेमाल कर रहे हैं उसके घुलने के बाद भी लौंजी को थोड़ी देर पकाना है। अब लौंजी को अपने हिसाब से खट्टा मीठा और अपने हिसाब से गीला और सूखा बना सकते हैं। सारी चीजों के पकने के बाद गैस बंद कर दें।

तैयार है आम की लौंजी, जिसे आप रोटी, पराठे या चावल के साथ भी खा सकते हैं। आप इसे फ्रिज में 10-15 दिनों के लिए स्टोर भी कर सकते हैं। जब जी चाहे आम की लौंजी को गर्म करके या फिर ऐसे ही खा सकते हैं। 

 

Latest Lifestyle News