1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. भुना कटहल कैसे बनाते हैं, स्मोकी फ्लेवर के लिए क्या डालते हैं, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

भुना कटहल कैसे बनाते हैं, स्मोकी फ्लेवर के लिए क्या डालते हैं, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

Dry Kathal Recipe: कटहल की सब्जी को हल्का भूनकर मसालेदार बनाकर खाएंगे तो उंगलिया चाटते रह जाएंगे। इस रेसिपी से कटहल में एकदम स्मोकी फ्लेवर आएगा। जानिए भुना कटहल कैसे बनाते हैं?

भुना सूखा कटहल रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV भुना सूखा कटहल रेसिपी

इन दिनों कटहल का सीजन है। कटहल को सेहत के लिए बहुत अच्छा माना जाता है। कटहल की सब्जी को अच्छी तरह और मसालेदार बनाया जाए तो इसका स्वाद पनीर और चिकन मटन को भी फेल कर सकता है। अगर आपको सूखा कटहल खाना पसंद है तो एक बार भुना कटहल बनाकर खाएं। भुने कटहल का स्वाद ही लाजवाब होता है। इसमें एक अलग स्मोकी फ्लेवर आता है। एक बार आपको भुना सूखा कटहल जरूर ट्राई करना चाहिए। फटाफट नोट कर लें भुने कटहल की रेसिपी।

भुना कटहल रेसिपी

पहला स्टेप- भुना हुआ कटहल बनाने के लिए सबसे पहले कटहल को मीडियम साइज के टुकड़ों में काट लें। अब कटहल को धो लें। बाजार में कटा हुआ कटहल मिलता है आपको कटहल के छिलके वाला हिस्सा थोड़ा और निकाल देना है। इससे कटहल आसानी से गल जाता है।

दूसरा स्टेप- कटहल के लिए एक मसाला बना रहे हैं जिसमें 4 चम्मच बारीक कटा आम और 1 चम्मच अदरक लहसुन का पेस्ट डाल दें। 3-4 हरी मिर्च डालें और पेस्ट जैसा बना लें। अब इसमें 2 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, डेढ चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच गरम मसाला और फिर से एक बार मसाले को पीस लें।

तीसरा स्टेप- अब कड़ाही में तेल डालें और इसमें कटा हुआ कटहल डाल दें। कटहल के साथ मोटा कटा हुआ प्याज डालें और इसे हल्का भूनते रहें। प्याज और कटहल में थोड़ी हल्दी डालकर हल्का पकाने तक फ्राई करें और निकाल लें। अब कड़ाही में 2-3 चम्मच ऑयल डालें, इसमें जीरा और तैयार किया मसाले वाला पेस्ट डालें।  

चौथा स्टेप- जब मसाला भुन जाए तो एक पका हुआ लाल टमाटर डालें। अब इसमें साबुत लाल मिर्च डालें। जब टमाटर गल जाए तो इसमें 1 चम्मच ब्राउन शुगर या गुड़ डाल दें। सारा मसाला तेल छोड़ने लगेगा। अब इसमें फ्राई किया कटहल और प्याज डालकर मिला दें। अब इसे चलाते हुए पकाएं।

पांचवां स्टेप- अब इसे ढककर करीब 10 मिनट के लिए बहुत ही धीमी आंच पर पकाएं। कटहल को चलाएं और फिर से पकने तक धीमी आंच पर पकाएं। अब ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालें और तैयार है कटहल की स्वादिष्ट सब्जी। आप इसे रोटी या पराठे के साथ खाएं।

कटहल की सूखी सब्जी में बिल्कुल भी पानी का इस्तेमाल नहीं किया गया है। इसलिए इसे कटहल फ्राई कहते हैं। वैसे आप इसमें बिना कच्चे आम के भी बना सकते हैं। इसमें खटास के लिए आपको आमचूर पाउडर का इस्तेमाल करना होगा।  

 

 

Latest Lifestyle News