1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. तरबूज के छिलके से बनाएं ये चटपटी डिश, स्वाद और सेहत का है परफेक्ट कॉबिनेशन

तरबूज के छिलके से बनाएं ये चटपटी डिश, स्वाद और सेहत का है परफेक्ट कॉबिनेशन

तरबूज खाने के बाद अक्सर हम उसके छिलकों को बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन असल में इनका सफेद हिस्सा बहुत पौष्टिक और स्वादिष्ट होता है। इससे आप 'तरबूज के छिलके की मसालेदार सब्जी' या 'छिलके की टूटी-फ्रूटी' बना सकते हैं।

तरबूज के छिलके की सब्जी- India TV Hindi
Image Source : FOOD FUSION/YOUTUBE तरबूज के छिलके की सब्जी

गर्मी के मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए लोग तरबूज का सेवन खूब करते हैं। मीठे तरबूज शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ साथ इंस्टेंट एनर्जी देने का भी काम करते हैं। लेकिन तरबूज खाने के बाद लोग उसके छिलके को बेकार समझकर फेंक देते हैं। लेकिन शायद आपको मालूम नहीं है कि तरबूज के छिलके अपने औषधि गुणों के लिए जाने जाते हैं। तरबूज के छिलके से आप कई तरह की चीजें बना सकते हैं। यहां हम आपको तरबूज के छिलके से बनने वाली कुछ स्वादिष्ट डिशेज के बारे में बताने जा रहे हैं। चलिए जानते हैं। 

छिलकों से बनाएं मजेदार सब्जी 
तरबूज के छिलके के सफेद हिस्से से आप स्वादिष्ट सब्जी बना सकते हैं। इसे छोटे टुकड़ों में काटकर आलू, टमाटर और मसालों के साथ पकाया जा सकता है। यहां हम आपके लिए तरबूज की आसान सी रेसिपीज लेकर आए हैं। 

चटपटी तरबूज के छिलके की सब्जी

सामग्री 

  • तरबूज के छिलके: 2 कप (कटे हुए)
  • तेल: 2 बड़े चम्मच
  • जीरा और राई: 1/2 छोटा चम्मच
  • हींग: एक चुटकी
  • हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई)
  • मसाले: हल्दी (1/4 चम्मच), लाल मिर्च (1 चम्मच), धनिया पाउडर (1 चम्मच), अमचूर पाउडर (1/2 चम्मच)
  • नमक: स्वादानुसार
  • हरा धनिया: सजाने के लिए

बनाने की विधि
तड़का लगाएं: एक कढ़ाही में तेल गरम करें। इसमें जीरा, राई और हींग का तड़का लगाएं।

सब्जी डालें: कटे हुए तरबूज के छिलके और हरी मिर्च डालें। इसे 2-3 मिनट तक मध्यम आंच पर भूनें।

मसाले मिलाएं: अब इसमें हल्दी, नमक और धनिया पाउडर डालें। अच्छे से मिक्स करें।

पकाएं: थोड़ा सा पानी छिड़कें और ढक्कन लगाकर 5-7 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें जब तक कि छिलके नरम न हो जाएं।

चटपटा ट्विस्ट: जब छिलके पक जाएं, तब इसमें लाल मिर्च पाउडर और अमचूर पाउडर डालें। 

फिनिशिंग: 2 मिनट और भूनें ताकि मसाले अच्छे से लिपट जाएं। ऊपर से ताजा हरा धनिया डालें और रोटी पराठे के साथ इसका आनंद लें। 

Latest Lifestyle News