1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. होली पर गुजिया की जगह बनाएं पहाड़ी मिठाई, डिश का नाम है सिंगल, नोट कर लीजिए रेसिपी

होली पर गुजिया की जगह बनाएं पहाड़ी मिठाई, डिश का नाम है सिंगल, नोट कर लीजिए रेसिपी

How to make Singal: क्या आपने कभी पहाड़ी मिठाई सिंगल चखी है? अगर नहीं, तो आपको कम से कम एक बार इस रेसिपी को जरूर ट्राई करके देखना चाहिए।

सिंगल की रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : TADKA UTTARAKHAND KA/YT/SHIVANGI JOSHI सिंगल की रेसिपी

होली के त्यौहार को खास बनाने के लिए खाने-पीने की अलग-अलग चीजें बनाई जाती हैं। गुजिया, मठरी, नमक पारे और अलग-अलग तरह की मिठाइयां, रंगों के इस त्यौहार में चार चांद लगाने का काम करती हैं। क्या आपने कभी पहाड़ी मिठाई सिंगल का नाम सुना है? अगर आप चाहें, तो होली के मौके पर सिंगल की रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं। जलेबी की तरह दिखाई देने वाली मिठाई को बनाने के लिए एक कप सूजी, एक कप दही, हाफ कप घी, एक कप चीनी, हाफ कप दूध, इलायची पाउडर और तेल की जरूरत पड़ेगी।

पहला स्टेप- सबसे पहले एक कटोरे में सूजी और घी निकाल लीजिए। इन दोनों को अच्छी तरह से मिक्स कर लीजिए।

दूसरा स्टेप- अब इसी कटोरे में दही, चीनी और दूध को एड कर इन्हें भी अच्छी तरह से मिला लीजिए।

तीसरा स्टेप- आप इस मिक्सचर में इलायची पाउडर भी मिला सकते हैं। सभी चीजों को आपस में मिक्स करके एक स्मूद पेस्ट तैयार कर लीजिए।

चौथा स्टेप- इस कटोरे को लगभग एक-दो घंटे के लिए ढककर रख दीजिए। इसके बाद दूध के पैकेट में इस घोल को भर लीजिए।

पांचवां स्टेप- पैकेट के ऊपर वाले हिस्से को रबर से बांध लीजिए और एक कोने में छोटा सा छेद कर लीजिए।

छठा स्टेप- एक कड़ाही में तेल को गर्म कर लीजिए। इस तेल में जलेबी का शेप देते हुए घोल को फैलाइए।

सातवां स्टेप- जब तक सिंगल गोल्डन ब्राउन न हो जाएं, तब तक इन्हें लो टू मीडियम फ्लेम में फ्राई होने दीजिए। इसके बाद आप इसे गर्म या फिर ठंडा करके खा सकते हैं।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि महज 30 मिनट यानी आधे घंटे के अंदर ये मिठाई सर्व करने के लिए तैयार है। यकीन मानिए बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को इस मिठाई का स्वाद काफी ज्यादा पसंद आने वाला है।

 

Latest Lifestyle News