मिलावटी और बासी पनीर खाने से आपकी सेहत बुरी तरह से प्रभावित हो सकती है। इसलिए बेहतर यही है कि आप मार्केट से पनीर खरीदने की जगह घर पर ही पनीर बना लें। महज आधे घंटे के अंदर होममेड पनीर बनकर तैयार हो जाएगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि घर पर पनीर बनाने के लिए 3 लीटर दूध, आधा नींबू और 2 बड़े चम्मच पानी की जरूरत पड़ेगी। आइए स्टेप बाई स्टेप पनीर बनाने की रेसिपी के बारे में जानते हैं।
पहला स्टेप- सबसे पहले मोटे तले वाले बर्तन में दूध निकाल लीजिए। दूध को अच्छी तरह से बॉइल कर लीजिए।
दूसरा स्टेप- बीच-बीच में दूध को चलाते रहना न भूलें। जब दूध बॉइल होने लगे, तब आपको इसमें पानी और नींबू के रस के मिश्रण को मिला लेना है।
तीसरा स्टेप- दूध फटने लग जाए, तब इस मिक्सचर को चलाते रहिए। जब तक दूध अच्छी तरह से नहीं फटता है, तब तक इसमें नींबू और पानी वाला मिक्सचर मिलाते रहिए।
चौथा स्टेप- इसके बाद मलमल के कपड़े में फटे हुए दूध को छान लीजिए। आपको फटे हुए दूध को ठंडे पानी से अच्छी तरह से धोना है और फिर सारे पानी को निचोड़ लेना है।
पांचवां स्टेप- पनीर को अच्छे से दबाकर, इसके ऊपर कुछ भारी चीज रख दीजिए और पनीर को लगभग 20 मिनट तक रेस्ट करने दीजिए।
छठा स्टेप- जब पनीर जम जाए, तब आप इसे चौकोर शेप में काट सकते हैं। आप होममेड पनीर को किसी भी एयरटाइट कंटेनर में भरकर फ्रिज में स्टोर करके भी रख सकते हैं।
अगली बार आपका जब भी कभी पनीर खाने का मन करे, तो आप इस तरीके से घर पर पनीर तैयार कर सकते हैं। इस पनीर का टेस्ट आपको इतना ज्यादा पसंद आएगा, कि आप बाहर से पनीर खरीदना छोड़ देंगे। सबसे अच्छी बात ये है कि घर पर पनीर बनाते समय हाइजीन के साथ किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सेहत को मजबूत बनाए रखने के लिए होममेड पनीर का सेवन किया जा सकता है।