रसगुल्ला एक ऐसी मिठाई है जिसका नाम हर किसी के मुंह में पानी ला देता है। जब भी मीठे की बात होती है तो रसगुल्ला का नाम सबसे ऊपर आता है। गर्मियों में ठंडे ठंडे रसगुल्ले खाने का अपना एक अलग ही मजा है। हममे से ज्यादातर लोग बाजार से खरीदकर रसगुल्ले खाते हैं क्योंकि घर पर इसे बनाने में काफी वक्त लगता है। लेकिन अब घबराने की जरूरत नहीं है। अब आप सिर्फ 5 मिनट में कुकर की मदद से रसगुल्ले बना सकते हैं। कुकर में रसगुल्ले बनाना बेहद आसान है। यहां हम रसगुल्ला बनाने की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। फटाफट नोट करें रेसिपी।
रसगुल्ले बनाने के लिए सामग्री
- एक लीटर गाय का दूध
- आधा नींबू,
- मैदा (1 छोटा चम्मच)
- चीनी (1 कप)
- पानी (3 कप)
प्रेशर कुकर में बनाएं सॉफ्ट और स्पंजी रसगुल्ले
- रसगुल्ले बनाने के लिए सबसे पहले गैस पर एक कढ़ाही में दूध को उबलने के लिए चढ़ाएं।
- इसके बाद आधा कटोरी पानी में आधा नींबू का रस मिलाएं। जैसे ही दूध में उबाल आ जाए, नींबू-पानी का घोल थोड़ा-थोड़ा मिलाती जाएं, इससे दूध अच्छी तरह फट जाएगा।
- जब दूध फट कर छेना बन जाए, तो उसे छलनी की मदद से छान लें। अब छेना को साफ पानी से दो-तीन बार धो लें, ताकि नींबू की खटास निकल जाए।
- जब इसकी खटास निकल जाए तो एक साफ सूती कपड़े से निचोड़कर इसका सारा पानी निकाल लें।
- इसके बाद छेना को एक प्लेट पर फैलाएं और कटोरी की तली से दबाते हुए इसे स्मूद कर लें। इसमें बाइंडिग के लिए एक छोटा चम्मच मैदा मिलाएं और अच्छे से गूंथकर मिक्स कर लें।
- इसके बाद इसकी छोटी-छोटी रसगुल्ले की बॉल्स बनाकर तैयार करें।
- अब एक प्रेशर कुकर गैस पर चढ़ाएं, उसमें एक कप चीनी और तीन कप पानी डालें। साथ ही दो चम्मच पनीर का पानी भी डालें जो पनीर को फाड़ने के बाद निकला था। अब रसगुल्ले की बॉल्स एक-एक कर के इसमें डालें।
- अब प्रेशर कुकर को गैस पर चढ़ाएं और फ्लेम तेज कर दें। इसके बाद कुकर कुकर को ऊपर से कवर कर दें। 5 मिनट में जब ये हल्का पक जाए तब कुकर का ढक्कन बंद कर दें और दो सीटी आने तक पकने दें। इसके बाद इसे गर्मागरम या ठंडा करके परोसें।
Latest Lifestyle News