सिरका का इस्तेमाल अचार, सलाद और कई दूसरी रेसिपीज में किया जाता है। शहरों में रहने वाले ज्यादातर लोग बाजार से सिरका खरीदकर लाते हैं। लेकिन आप चाहें तो गन्ने के रस से घर में भी सिरका बना सकते हैं। गर्मियों में गन्ने का सीजन होता है ऐसे में गन्ने का ताजा रस आसानी से मिल जाता है। आप सिर्फ गन्ने के रस, लोहे की कील से सिरका बनाकर तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आपको मेहनत नहीं बल्कि इंतजार की जरूरत है। सिरका बनने में करीब 3 महीने का वक्त लगता है। लेकिन इसके लिए आपको कुछ करना नहीं है बस इसे स्टोर करने का तरीका पता होना चाहिए। आइये जानते हैं घर में गन्ने के रस से सिरका कैसे बनाएं।
गन्ने का सिरका बनाने की रेसिपी
पहला स्टेप- गन्ने का सिरका बनाने के लिए आप कोई कांच का जार या मिट्टी का बर्तन जैसे घड़ा ले लें। परांपरिक तरीके से सिरका मटके और घड़ें में ही तैयार किया जाता है। अब 2 लीटर ताजा गन्ने का रस ले लें। सिरका बनाना तो गन्ने के रस में नींबू, पुदीना और नमक न डालें। प्योर गन्ने के रस से ही सिरका बनता है।
दूसरा स्टेप- अब जूस को मिट्टी के बर्तन या कांच के बर्तन में डाल दें। बर्तन को ऊपर तक नहीं भरना है, थोड़ा खाली छोड़ना है। अब इसमें एक छोटी लोही की कील डाल दें। इससे सिरका में रंग भी अच्छा आता है और सिरका में आयरन भी पहुंच जाता है। कील को गर्म पानी में 2-3 मिनट उबाल लें उससे बाद ही डालें। ध्यान रखें लोहे की कील पर जंग नहीं लगी हो। कोशिश करें नई कील लें।
तीसरा स्टेप- अब बर्तन को मलमल के मोटे कपड़े से अच्छी तरह कवर करना है। ध्यान रखें जार को ढक्कन से कवर नहीं करना है। इस जार पर कपड़े को बांध दें या फिर किसी रबड़ से बांधकर कवर कर दें। अब इसे किसी धूप वाली जगह पर रख दें। लेकिन इस जार को बिल्कुल भी हिलाना नहीं है। अगर धूप नहीं आती तो किसी अलमारी में रख दें, लेकिन अलमारी को बार-बार खोलना नहीं है और न हिलाना है।
चौथा स्टेप- अब 1 महीने तक इसे ऐसे ही रखा रहने दें। आप देखेंगे कि जार में हल्के बबल बनने लगेंगे और उसमें एक ऊपर लेयर बनने लगेगी। अब 1 महीने बाद जार से कपड़ा हटा दें और ढक्कन से ढक दें। अब जार को किसी गर्म जगह पर 2 महीने के लिए ऐसी जगह पर रख दें जहां इसे बिल्कुल भी हिलाया नहीं जाए। पूरे 3 महीने में गन्ने का सिरका बनकर तैयार हो जाएगा।
Latest Lifestyle News