सर्दियों में अदरक वाली चाय पीना लोग पसंद करते हैं। लेकिन गर्मी में अदरक वाली चाय शरीर में गर्मी को और बढ़ा सकती है। इस मौसम में चाय पीने के शौकीन लोग मसाला चाय पीना पसंद करते हैं। खासतौर से इलायची वाली मसाला गर्मियों में चाय के लिए बेस्ट होती है। इस मसालेदार चाय का स्वाद तो गजब का होता ही है साथ ही खुशबू भी लाजवाब होती है। आप चाय का मसाला घ में आसानी से तैयार कर सकते हैं। मिक्सी में पीसकर इस मसाले को तैयार कर लें और किसी एयरटाइट कंटेनर में भरकर स्टोर कर लें। इससे मसाले की खुशबू बनी रहेगी। फटाफट नोट कर लें चाय का मसाला बनाने की रेसिपी।
चाय का मसाला बनाने की रेसिपी
चाय का मसाला बनाने के लिए सामग्री- चाय का मसाला बनाने के लिए आपको 20 ग्राम हरी इलायची लेनी है। 5 बड़ी इलायची जो वजन से 2 ग्राम हैं। इसके अलावा 2 ग्राम लौंग, 2 ग्राम काली मिर्च, 4 ग्राम दालचीनी के टुकड़े लेने हैं। 1 जायफल लेंगे, सौंठ 20 ग्राम लेंगे। ध्यान रखें सारे मसाले साबुत ही लेने हैं।
पहला स्टेप- अब सौंठ और जायफल को पहले हल्का क्रश कर लें। आप इसे किसी कूटने वाले पॉट में डालकर कूट लें। इससे मिक्सी में मसाला पीसना आसान हो जाता है। अब गैस ऑन करके पैन गर्म करें और फिर गैस एकदम धीमी कर दें। सारे मसालों को मिलाकर 2-3 मिनट के लिए एकदम धीमी आंच पर भून लें। मसाला भुनने की खुशबू आएगी।
दूसरा स्टेप- मसाले को अच्छी तरह से ठंडा होने दें और मिक्सर जार में डालकर पीस लें। आप इसे बहुत ज्यादा बारीक नहीं भी करेंगे तो भी मसाले में बहुत तेज खुशबू आएगी। अब इसे किसी कांच के एयरटाइट जार में भरकर स्टोर कर लें। जब चाय बनाएं तो इसमें से आधा चम्मच मसाला डाल दें, फिर देखिए चाय में क्या खुशबू आएगी। चाय में आखिरी 2 उबाल आने से पहले ही आपको ये मसाला डालना है। इससे चाय में ज्यादा खुशबू आएगी। आप इसमें सूखे तुलसी के पत्ते भी डाल सकते हैं। सीजन के हिसाब से पीपली का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
Latest Lifestyle News