1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. क्या कभी खाया है सूरति पनीर घोटाला, ऐसा स्वाद पहले कभी नहीं चखा होगा, फेमस शेफ ने बताई रेसिपी

क्या कभी खाया है सूरति पनीर घोटाला, ऐसा स्वाद पहले कभी नहीं चखा होगा, फेमस शेफ ने बताई रेसिपी

Surati Paneer Ghotala: पनीर की सब्जी तो कई बार खाई होगी, लेकिन एक बार शेफ रनवीर बरार की बताई ये खास सूरति पनीर घोटाला रेसिपी जरूर ट्राई करें। इसका स्वाद ऐसा लगेगा कि उगलियां चाटते रह जाएंगे।

सूरति पनीर रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : YOUTUBE: @RANVEERBRAR सूरति पनीर रेसिपी

पनीर को न जाने कितने तरह से बनाया जाता है। लेकिन हमारे और आपके ज्यादातर घरों में सिर्फ मटर पनीर, कड़ाही पनीर, शाही पनीर, पनीर भुर्जी तक ही रेसिपी सीमित हैं। अगर आप भी पनीर की इन रेसिपी से बोर हो गए हैं तो एक बार शेफ रनवीर बरार की बताई हुई खास सूरति पनीर घोटाला रेसिपी जरूर ट्राई करें। इसे बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा सब्जियों की जरूरत नहीं होगी। फटाफट नोट कर लें सूरति पनीर घोटाला की रेसिपी। 

सूरति पनीर घोटाला रेसिपी

Image Source : Youtube grab: @RanveerBrarसूरति पनीर घोटाला की सामग्री

पहला स्टेप- 2 इंच अदरक को लंबे-लंबे टुकड़ों में काट लें। 6-7 लहसुन छील लें। हरे धनिया के डंठल काट लें और 3-4 हरी मिर्च मोटी काट लें। ठंड में इसमें हरा लहसुन भी डाल सकते हैं। अब खूब सारा धनिया मोटा काट लें। इसमें 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 चम्मच धनिया पाउडर और 1 चम्मच साबुत जीरा, स्वादानुसार नमक डाल दें। सारी चीजों को बारीक पीसकर पेस्ट बना लें।

दूसरा स्टेप- अब 1 शिमला मिर्च, डेढ टमाटर और डेढ प्याज को बारीक काट लें। अब कड़ाही में 2 चम्मच देसी घी और 2 चम्मच तेल डालें। इसमें पिसा हुआ मसाला डालकर भून लें। धीमी आंच पर मसाले को भूनते रहें। अब पनीर का एक तिहाई हिस्सा निकाल लें और उसे पतले और लंबे पीस में काट लें। बाकी बचे हुए पनीर को कद्दूकस कर लें। 

तीसरा स्टेप- अब कटे हुए पनीर में पाव भाजी मसाला या फिर गरम मसाला डाल दें। ऊपर से थोड़ा नमक और ऑयल भी डाल दें। अब कद्दूकस किए पनीर में नमक और देगी मिर्च डाल दें। अच्छी तरह मिक्स कर लें। दूसरी ओर कड़ाही में जो मसाला भुन रहा है उसमें कटा प्याज, शिमला और टमाटर डाल दें। अब इसे चलाते हु्ए पकाएं और थोड़ा मक्खन डाल दें।

चौथा स्टेप- अब इसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर डाल दें और इसे थोड़ा भून लें। अब थोड़ा पानी मिलाएं और पनीर को मैशर की मदद से इसे अच्छी तरह मैश कर दें और लगातार चलाते हुए भूनते रहें। पैन में कटे हुए पनीर को थोड़ा तेल डालकर हल्का फ्राई कर लें। भुने पनीर को बारीक टुकड़ों में काट लें। इसे भी मसाले और पनीर की ग्रेवी में डाल दें। अब गैस बंद कर दें और थोड़ा चीज कद्दूकस करके डाल दें। ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर पाव या रोटी, नान, पराठे के साथ सर्व करें।

 

Latest Lifestyle News