वैसे तो लोग मार्केट से भुने हुए चने खरीदकर ही खाते हैं, लेकिन कई बार पुराने चने में स्मैल आने लगती है या चने सील जाते हैं। अगर आपने कभी ताजा गर्मागरम भुने चने खाए हैं तो आप इसके अंतर को आसानी से समझ सकते हैं। गर्म भुने चने का स्वाद ही अलग होता है। आप चाहें तो घर में भी आसानी से चना भून सकते हैं। जी हां बिना बालू और रेत के भी चना भून सकते हैं। हम आपको एक बड़े ही मजेदार ट्रिक बता रहे हैं जिससे आप जब मन करे आप घर में चना भूनकर खा सकते हैं। एक एक चने का दाना खिल जाएगा। तो फटाफट नोट कर लें चने भूनने का ये आसान तरीका।
बिना बालू के घर में चना भूनने का आसान तरीका
पहला स्टेप- चना भूनने के लिए आपको चाहिए 1 से 2 कप नमक और एक बाउल में काले सूखे चने ले लें। अब गैस ऑन कर दें और एक भारी तली की कड़ाही गैस पर रख दें और गैस की फ्लेम हाई करके नमक को तेज गर्म होने दें।
दूसरा स्टेप- अब 1 मुट्ठी चना नमक में डाल दें और गैस की फ्लेम हाई ही रखें और चना को लगातार चलाते रहें। 1 मिनट में ही सारे चने खिलने लगेंगे और इन्हें किसी मोटी छेद वाली कलछी से छानते हुए निकाल लें।
तीसरा स्टेप- नमक कड़ाही में ही रह जाएगा और चने निकालकर किसी प्लेट में रखते जाएं। इसी तरह फिर से एक मुट्ठी चना नमक में डाल दें और चने को लगातार चलाते हुए भून लें। सारे चने इसी तरह से भूनकर तैयार कर लें।
आपको यकीन नहीं होगा कि इतनी आसानी से घर में चना भूनकर खा सकते हैं। जब जी चाहे घर में गर्मागरम चना रोस्ट करके खा सकते हैं इसमें नमक डालने की भी जरूरत नहीं होगी। आप इस नमक को कही स्टोर करके रख दें। दोबारा जब भी जी चाहे इसी नमक में फिर से चना भून सकते हैं। इस तरह घर के भुने चने में आप मिलावट से भी आसानी से बच सकते हैं।
Latest Lifestyle News