मक्के का आटा सेहत के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन मक्के की रोटी बनाना सभी को नहीं आता। इसलिए लोग मक्के की रोटी बनाकर खाने से बचते हैं। ऐसे में हम आपको आज मक्के की रोटी बनाने की बजाय मक्के के आटे से चीला बनाने की रेसिपी बता रहे हैं। बिना फटे-टूटे मक्के के आटे का चीला एकदम गोल और आसानी से बन जाएगा। आप इसे अपनी पसंदीदा सब्जी या चटनी के साथ खा लें। मक्के की रोटी वाले सारे फायदे आपको इसमें मिल जाएंगे। आइये जानते हैं मक्के के आटे का चीला बनाने की रेसिपी।
मक्के के आटे से चीला बनाने की रेसिपी
पहला स्टेप- मक्के के आटे से बहुत ही क्रिस्पी और स्वादिष्ट चीला बनकर तैयार होता है। इसके लिए एक बड़ा बाउल लें और उसमें 1 छोटी कटोरी मक्के का आटा डालें। मक्के का आटा ग्लूटेन फ्री होता है। इसलिए इसे वो लोग भी खा सकते हैं। जिन्हें ग्लूटन से एलर्जी है या किसी कारण से ग्लूटन नहीं खाते हैं।
दूसरा स्टेप- अब मक्के के आटे में थोड़ा नमक, पिसी लाल मिर्च, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, हींग, थोड़ा अदरक लहसुन का पेस्ट, बारी कटा हरी मिर्च, बारीक कटा हरा धनिया और हाथ से क्रश की हुई थोड़ी अजवाइन डालें। सारी चीजों को सूखा ही मिक्स कर लें।
तीसरा स्टेप- अब बैटर बनाने के लिए मक्के के आटे में गर्म पानी डालें। आपको पानी थोड़ा-थोड़ा करके डालना है क्योंकि मक्के का आटा पानी बहुत सोखता है। अब पानी डालते जाएं और एक स्मूद चीला बनाने जैसा घोल बनाकर रेडी कर लें। ध्यान रखें घोल बनाते वक्त आटे में गांठ नहीं बचनी चाहिए।
चौथा स्टेप-अब तैयार किए हुए मक्के के आटे के घोल को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें। अगर घोल गाढ़ा लगे तो चीला बनाने से पहले थोड़ा और पानी मिला दें। गैस पर तवा गर्म करें और उसे पहले हल्का ग्रीस कर लें। इससे चीला चिपकेगा नहीं और आसानी से पलट जाएगा।
पांचवां स्टेप- तवा गर्म हो जाए तो गैस को मीडियम फ्लेम पर कर दें और तैयार मक्के के आटे के बैटर में से 1-2 कलछी तवे पर डालकर फैला दें। चीला आप अपने हिसाब से बड़ा या छोटा बना सकते हैं। अब चीला को धीमी आंच पर 4-5 मिनट तक पकने दें। साइड्स में थोड़ा ऑयल लगा दें जिससे चीला आसानी से पलट जाता है।
छठा स्टेप- अब सेंकने के बाद चीला को पलटकर चाहें तो दूसरी साइड से सेंक लें या फिर एक तरफ से सेंका हुआ चीला भी खा सकते हैं। ये काफी क्रिस्पी और स्वादिष्ट बनता है। आप इसे हरी चटनी या सॉस के साथ या फिर किसी सब्जी के साथ खा सकते हैं।
Latest Lifestyle News