अगर आपको खाने में कुछ चटपटा, तीखा और खट्टा अच्छा लगता है तो एक बार हरी मिर्च और आम का बना ये इंस्टेंट अचार जरूर ट्राई करें। आप इसे 1 बार बनाकर हफ्तेभर आसानी से खा सकते हैं। दाल चावल के साथ या रोटी और पराठे के साथ इसका स्वाद बहुत ही लाजवाब लगता है। आप इस अचार को सिर्फ 10 मिनट में तैयार कर सकते हैं। सबसे खास ये है कि जब कभी घर में सब्जी न हो तो आप इस अचार से खाना खा सकते हैं। सफर में ले जाने के लिए भी ये अचार एकदम परफेक्ट है। इसे बनाने में किसी दादी नानी की रेसिपी भी नहीं पढ़नी पड़ती। फटाफट नोट कर लें मिर्च आम के अचार की रेसिपी।
मिर्च आम का इंस्टेंट अचार
पहला स्टेप- इसके लिए आप 100 ग्राम हरी मिर्च ले लें। मिर्च को अच्छी तरह से धो लें और पानी को पोंछ दें। अब मिर्च को बीच से लंबाई में काट लें। आप इसमें 1 बड़ा कच्चा आम या अपने हिसाब से 2 मीडियम कच्चे आम डाल सकते हैं। आम को धोकर छील लें और लंबाई में मोटे टुकड़े काट लें।
दूसरा स्टेप- अब एक कड़ाही या पैन में 2 बड़े चम्मच सरसों का तेल डालें। तेल में अचार का मसाला हो तो वो डाल दें। अगर मसाला नहीं है तो राई, जीरा, थोड़ी अजवाइन, सौंफ डालकर चटका लें। इसमें आधा चम्मच हल्दी पाउडर डाल दें। अब कटी हरी मिर्च और कच्चा आम डाल दें। मिक्स करें और ऊपर से नमक डाल दें।
तीसरा स्टेप- इसे ढककर करीब 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। बीच में एक दो बार चलाएं और आम को हल्का नरम होने तक पकाएं। मिर्च और आम जब पक जाएं तो गैस बंद कर दें। तैयार है आपका इंस्टेंट मिर्च और आम का अचार। आप इसे किसी कांच के एयरटाइट जार में बंद करके रख दें।
जब आपको खाना हो इस अचार को रोटी, पराठा, पूरी या चावल के साथ खा सकते हैं। इसका स्वाद तीखा और हल्का खट्टा होता है। कुछ लोग इसमें प्याज भी डाल देते हैं। आप चाहें तो ऐसा कर सकते हैं, लेकिन फिर इस अचार को आपको 3-4 दिन में ही खत्म कर लेना चाहिए।
Latest Lifestyle News