A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. कच्चे आम की खट्टी मीठी चटनी के सामने पनीर और छोले को कोई नहीं पूछेगा, बिना सब्जी के ही खा जाएंगे रोटियां, ये है रेसिपी

कच्चे आम की खट्टी मीठी चटनी के सामने पनीर और छोले को कोई नहीं पूछेगा, बिना सब्जी के ही खा जाएंगे रोटियां, ये है रेसिपी

Kachche Aam Ki Chutney: गर्मियों में कच्चे आम का सीजन होता है। मार्च अप्रैल से ही कच्चा आम आने लगता है। कच्चे आम से आप खट्टी मीठी चटनी बनाकर खा सकते हैं। एक बार अमिया की चटनी जरूर ट्राई करें।

कच्चे आम की चटनी रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : SOCIAL कच्चे आम की चटनी रेसिपी

इन दिनों बाजार में कच्चे आम मिल रहे हैं। गर्मी आते ही सब्जी की दुकान पर अमिया दिखने लगती है। कच्चे आम का इस्तेमाल लोग कई तरह से करते हैं। करेले और भिंडी की सब्जी में पड़ा कच्चा आम खाने के स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है। लेकिन आज हम आपको कच्चे आम की खट्टी मीठी चटनी बनाना बता रहे हैं। ज्यादातर लोग आम की खट्टी चटनी बनाकर खाते हैं, लेकिन एक बार आप इस खट्टी मीठी चटनी को ट्राई करेंगे तो बार-बार बनाकर खाएंगे। यकीन मानिए इस चटनी के सामने पनीर और छोले जैसी सब्जियों का स्वाद भी फीका लगेगा। जानिए कैसे बनाते हैं कच्चे आम की चटनी।

कच्चे आम की चटनी कैसे बनाएं, नोट करें रेसिपी

पहला स्टेप- कच्चे आम की चटनी बनाने के लिए आपको 1 मीडियम साइज का आम लेना है। आम को धो लें और छील लें। अब काटकर गुठली निकाल दें और अमिया को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। वैसे कच्चे आम की चटनी सिलबट्टा पर बनी हुई ज्यादा स्वादिष्ट लगती है। लेकिन शहरों में लोग इसे मिक्सी में पीसकर भी खाते हैं।

दूसरा स्टेप- अब मिक्सी के जार में कच्चे आम के टुकड़े डालें। इसमें नमक, कुटी हुई या साबुत सूखी लाल मिर्च करीब 2 डाल दें। इसमें 2-3 पत्ते पुदीना डाल दें। इससे चटनी का स्वाद और बढ़ जाएगा। चटनी में करीब 2 चम्मच सौंफ डाल दें और एक बार सारी चीजों को मिक्सी में चला लें।

तीसरा स्टेप-  जब हल्का पिस जाएं तो मिक्सी के जार को खोलकर उसमें गुड़ मिला दें। गुड़ अपने स्वाद के हिसाब से आप रख सकते हैं। अगर आपको ज्यादा खट्टी चटनी खानी है तो गुड़ कम रखें। मीठी चटनी खानी है तो गुड़ की मात्रा बढ़ा दें। ध्यान रखें चटनी में पानी नहीं डालना। गुड़ डालने के बाद चटनी और सारी चीजें पानी छोड़ देती हैं। आप चाहें तो 2-4 बूंद पानी डाल सकते हैं। 

चौथा स्टेप- चटनी को एकदम बारीक पीस लें। तैयार है कच्चे आम की खट्टी मीठी चटनी। कच्चे आम की इस चटनी को आप हफ्तों तक फ्रिज में स्टोर करके रख सकते हैं। अमिया की खट्टी मीठी चटनी आपके सारे टेस्ट जगा देगी। आप इसे रोटी और पराठे के साथ खाएंगे तो सब्जी खाना भूल जाएंगे। 

Latest Lifestyle News