करेले की कड़वाहट ज्यादातर लोग पसंद नहीं करते हैं। बच्चे तो इस सब्जी का नाम सुनते ही नाक मुंह बनाने लगते हैं। लेकिन सीजन सब्जियों में करेले की सब्जी का नाम सबसे पहले आता है। इस सीजन में आपको करेला जरूर खाना चाहिए। करेले की कड़वाहट को दूर करने के लिए कई उपाय हैं जिससे सब्जी की कड़वाहट दूर हो सकती है। आज हम आपको ऐसी ही ट्रिक्स को अपनाते हुए करेले की खट्टी मीठी सब्जी बनाना बता रहे हैं। इस तरह बनी करेले की सब्जी बच्चों को भी खूब पसंद आती है। जानिए करेले की खट्टी मीठी सब्जी बनाने की रेसिपी?
करेले की कड़वाहट कैसे दूर करें
करेले की कड़वाहट दूर करने का सबसे अच्छा और असरदार तरीका है नमक, जी हां करेले में नमक लगाकर कुछ देर के लिए छोड़ दें इससे करेला का कड़वापन दूर हो जाता है। करेले के छिलके को निकालने से भी कड़वापन कम होता है। करेले की सब्जी में प्याज की मात्रा बढ़ाने से भी कड़वाहट दूर हो जाती है। करेले में सौंफ का इस्तेमाल करने से भी कड़वा स्वाद दूर हो जाता है।
करेले की खट्टी मीठी सब्जी बनाने की रेसिपी
पहला स्टेप- करीब 250 ग्राम करेला लें और अच्छी तरह से धो लें। अब करेले के छिलके हटा लें और चाहें तो बीज भी निकाल दें। अब एक प्लेट में रखें और ऊपर से अच्छी तरह नमक छिड़क दें। करेले पर अच्छी तरह से नमक को लपेट दें। ऐसे ही 15 मिनट के लिए छोड़ दें।
दूसरा स्टेप- अब करेले की सब्जी के लिए 1 बड़ा या 2 मीडियम प्याज लंबा और पतला काट लें। करेला की सब्जी में 2 कली लहसुन भी डाल सकते हैं। इसके लिए सारे मसाले तैयार कर लें। खासतौर से सौंफ, कलौंजी और पिसा धनिया चाहिए।
तीसरा स्टेप- नमक लगे करेले को अच्छी तरह से 2-3 बार पानी से धो लें और काट लें। करेले को पतला ही काटें जैसे भिंडी को काटते हैं। एक एक कड़ाही में 2-3 चम्मच सरसों का तेल गर्म करें। इसमें सौंफ, कलौंजी और धनिया पाउडर डालें। ऊपर से लहसुन डालें। इसके बाद कटी प्याद और करेले डाल दें।
चौथा स्टेप- सारी चीजों को मिक्स करें और ऊपर से नमक, हल्दी पाउडर और थोड़ी लाल मिर्च पाउडर मिला दें। सारी चीजों को मिक्स करने के बाद करेले को थोड़ी देर ढककर पकाएं। जब करेले की सब्जी हल्की गल जाए तो इसे खोल दें।
पांचवां स्टेप- थोड़ी देर और पकाने के बाद सब्जी में आमचूर पाउडर और 1 चम्मच चीनी मिला दें। इससे करेले की सब्जी एकदम खट्टी मीठी हो जाएगी। लगातार चलाते हुए करेले की सब्जी को पकाएं। करेले की खट्टी मीठी सब्जी तैयार है इसे आप रोटी या पराठे से खाएं।
Latest Lifestyle News