1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. क्रिसमस पर बिना शराब के बनाएं सुपर टेस्टी प्लम केक, संतरे का जूस डालते ही मिलेगा वही क्लासिक स्वाद, खाने वाले पूछेंगे रेसिपी

क्रिसमस पर बिना शराब के बनाएं सुपर टेस्टी प्लम केक, संतरे का जूस डालते ही मिलेगा वही क्लासिक स्वाद, खाने वाले पूछेंगे रेसिपी

प्लम केक बनाने के लिए ज़रूरी नहीं है कि आप उसे रम केक में ही बनाएं। आप इसे संतरे का जूस में भी बना सकते हैं। चलिए जानते हैं इसे कैसे बनाएं?

प्लम केक - India TV Hindi
Image Source : YOUTUBE - @ N'OVEN-CAKE & COOKIE प्लम केक

क्रिसमस पर प्लम केक बनाना एक खास परंपरा है, लेकिन हर कोई इसमें शराब का इस्तेमाल नहीं करना चाहता। ऐसे में संतरे का जूस एक बेहतरीन विकल्प है, जो केक को वही रिच फ्लेवर और हल्की खट्टास देता है। ड्राई फ्रूट्स को संतरे के जूस में भिगोकर रखने से वे सॉफ्ट और जूसी हो जाते हैं, जिससे केक का स्वाद और टेक्सचर दोनों कमाल का बनता है। इस तरह बना प्लम केक न सिर्फ बच्चों और बुजुर्गों के लिए सुरक्षित होता है, बल्कि इसे झटपट तैयार भी किया जा सकता है। इसलिए क्रिसमस सेलिब्रेशन में इसे परोसेंगे तो खाने वाले जरूर आपसे इसकी रेसिपी पूछेंगे।

प्लम केक बनाने के लिए सामग्री

  • फलों को भिगोना: आधा कप संतरे का जूस, 3 बड़े चम्मच काली किशमिश, 2 बड़े चम्मच क्रैनबेरी, 2 बड़े चम्मच सुनहरी किशमिश, 2 बड़े चम्मच हरी चेरी, 3 बड़े चम्मच टूटी फ्रूटी, 2 बड़े चम्मच लाल चेरी, 2 बड़े चम्मच मिक्स नट्स 

  • कैरामल सिरप: 2/3 कप चीनी, 1 बड़ा चम्मच पानी,  ½ कप पानी,  ¼ कप दूध, ¼ कप तेल, ½ छोटा चम्मच वनीला एसेंस, 1 कप मैदा, 1 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर, ½ छोटा चम्मच बेकिंग सोडा, ½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर, ½ छोटा चम्मच जायफल पाउडर, 

प्लम केक बनाने की विधि:

  • फलों को भिगोने की तैयारी: एक बाउल में आधा कप संतरे का जूस लें। इसमें काली किशमिश, क्रैनबेरी, सुनहरी किशमिश, हरी चेरी, टूटी फ्रूटी, लाल चेरी और मिक्स नट्स डालें। सभी चीज़ों को अच्छी तरह मिलाकर ढक दें और 30 मिनट के लिए भिगोकर रख दें, ताकि फल नरम और फ्लेवर से भरपूर हो जाएँ।

  • कैरामल सिरप बनाएं: एक पैन में 2/3 कप चीनी और 1 बड़ा चम्मच पानी डालकर धीमी आंच पर पकाएँ। जब चीनी गहरे भूरे रंग की कैरामल बन जाए, तो सावधानी से ½ कप पानी डालें और 2–3 मिनट पकाएँ। गैस बंद कर सिरप को थोड़ा ठंडा होने दें।

  • केक का बैटर तैयार करें: ठंडे कैरामल सिरप में ¼ कप दूध, ¼ कप तेल और ½ छोटा चम्मच वनीला एसेंस मिलाएँ। अब एक छन्नी में मैदा, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा, इलायची पाउडर और जायफल पाउडर छानकर इसमें मिलाएँ। बैटर को हल्के हाथ से मिक्स करें और अंत में भिगोए हुए फल डालकर फिर से मिला लें।

  • केक पकाने की विधि: केक मोल्ड में तेल लगाएँ और नीचे बेकिंग पेपर बिछाएँ। बैटर डालें और ऊपर से थोड़े फल व मेवे सजा दें। एक भारी तले वाले पैन में वायर स्टैंड रखें और पैन को 5–7 मिनट पहले से गरम करें। अब मोल्ड को पैन में रखें, ढक दें और धीमी से मध्यम आंच पर 35–40 मिनट तक पकाएँ। टूथपिक डालकर चेक करें। ठंडा होने दें, फिर केक निकालकर काटें

Latest Lifestyle News